कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के घर हमला कानून व्यवस्था पर सवाल, राव नरेंद्र सिंह को Z कैटेगरी सुरक्षा देने की मांग

नारनौल/ गुड़गांव। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह के नारनौल स्थित पुश्तैनी घर पर देर रात हथियारबंद बदमाशों द्वारा कथित हमला और घर में घुसने की कोशिश के मामले में हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती पर्ल चौधरी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
पर्ल चौधरी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और अब विपक्ष के नेता भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राव नरेंद्र सिंह के नाम को जोड़ते हुए कहा—
“भाजपा देशभर में मोदी जी की सुरक्षा का राजनीतिक प्रचार करती है, लेकिन हरियाणा की सच्चाई यह है कि मोदी सुरक्षित हो सकते हैं, पर ‘नरेंद्र’ सुरक्षित नहीं हैं। जब हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह जी के घर पर हथियारबंद लोग हमला कर सकते हैं, तब आम जनता और प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।”
उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि गृह विभाग भी उनके पास है, इसलिए यह केवल सुरक्षा चूक नहीं बल्कि सरकार की प्रशासनिक विफलता है।
“सीसीटीवी की तारें काट दी जाती हैं, बदमाश घर तक पहुंच जाते हैं और पुलिस-प्रशासन को भनक तक नहीं लगती। यह हरियाणा सीआईडी और स्थानीय पुलिस की नाकामी का सबसे बड़ा प्रमाण है। अगर मुख्य विपक्षी दल का प्रदेशाध्यक्ष ही सुरक्षित नहीं है, तो प्रदेश की बेटियां और महिलाएं किस भरोसे जिएं?”
पर्ल चौधरी ने कहा कि हरियाणा में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है।
“आज हरियाणा में बलात्कार, छेड़खानी और महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं आम हो चुकी हैं। भाजपा सरकार केवल विज्ञापन और प्रचार में व्यस्त है, जबकि जमीन पर कानून व्यवस्था दम तोड़ चुकी है।”
उन्होंने नारनौल के पुलिस अधीक्षक और हरियाणा सीआईडी के प्रमुख को तत्काल हटाने की मांग करते हुए कहा कि राव नरेंद्र सिंह और उनके परिवार को तुरंत Z कैटेगरी सुरक्षा उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
पर्ल चौधरी ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा—
“मुख्यमंत्री जी को हरियाणा के लिए भी थोड़ा समय निकालना चाहिए। ऐसा लगता है कि उनका ध्यान हरियाणा से ज्यादा पंजाब की राजनीति और चुनावी प्रचार में है। प्रदेश की जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जी रही है।”
उन्होंने कहा कि यह हमला केवल एक नेता के घर पर नहीं, बल्कि लोकतंत्र और विपक्ष की आवाज पर हमला है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की।








