बोले – यह घटना हरियाणा की लचर कानून-व्यवस्था और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है
गुरुग्राम, 16 मई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के आवास में हथियारबंद बदमाशों के घुसने की घटना को प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का गंभीर उदाहरण बताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है और प्रदेशाध्यक्ष के आवास की सुरक्षा को तत्काल प्रभाव से मजबूत किया जाना चाहिए।
पंकज डावर ने कहा कि शुक्रवार देर रात अज्ञात हथियारबंद बदमाश राव नरेंद्र सिंह के आवास में घुस आए और हमले की कोशिश की। बदमाशों ने पहले घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काटे, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद उन्होंने सर्वेंट क्वार्टर के कमरों को बाहर से बंद कर दिया तथा मुख्य भवन के कुछ कमरों के दरवाजे भी तोड़ डाले।
उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि परिवार के सदस्य सुरक्षित हैं, लेकिन इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रदेशाध्यक्ष द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में आशंका जताई गई है कि संगठित अपराधियों, भू-माफिया और नशा तस्करों के खिलाफ लगातार आवाज उठाने के कारण उन्हें निशाना बनाने की कोशिश की गई है।
डावर ने कहा कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे और उनके पास हथियार भी मौजूद थे। यदि समय रहते परिवार के लोग जाग नहीं जाते तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। उन्होंने कहा कि राव नरेंद्र सिंह लंबे समय से प्रदेश में बढ़ते संगठित अपराध, अवैध खनन और नशा कारोबार के खिलाफ मुखर रहे हैं तथा सरकार को लगातार घेरते रहे हैं।
उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब एक प्रमुख राजनीतिक दल के प्रदेशाध्यक्ष का आवास ही सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिक की सुरक्षा की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।








