*-गुरुग्राम कैंप कार्यालय में जनगणना कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित*
*-फील्ड स्तर पर पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश*

गुरुग्राम, 12 मई- गुरुग्राम के मंडलायुक्त रवि प्रकाश गुप्ता ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और प्रशासनिक नीतियों के लिए महत्वपूर्ण आधार तैयार करती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना से जुड़े सभी कार्य तय समय सीमा में पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ पूरे किए जाएं।उन्होंने ये निर्देश मंगलवार को गुरुग्राम स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित जनगणना समीक्षा बैठक के दौरान दिए।
बैठक में मंडलायुक्त ने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर नियमित निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रगणकों और सुपरवाइजरों के साथ लगातार संपर्क रखा जाए, ताकि सर्वे के दौरान आने वाली समस्याओं का तुरंत समाधान हो सके। साथ ही घर-घर सर्वे के दौरान जुटाई जा रही जानकारी की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में रिपोर्टिंग प्रणाली, रिकॉर्ड व्यवस्था
और निरीक्षण प्रक्रिया पर चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि आमजन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य किया जाए, ताकि जनगणना प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़ सके। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर पर 1855 टोल फ्री नंबर जारी किया गया है, जिसके माध्यम से जनगणना कर्मियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
इस अवसर पर सीटीएम ज्योति नागपाल, जॉइंट डायरेक्टर लक्ष्मण सिंह, डीडी सेंसस ऑपरेशंस प्रमोद कुमार, एडी सेंसस ऑपरेशंस गुरविंदर पाल सिंह, असिस्टेंट डिविजनल इंचार्ज सतीश, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटिंग ऑफिसर देवेश बंसल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









