नगर निकाय चुनावों की मतगणना हेतु सभी तैयारियां पूर्ण, सुरक्षा के व्यापक प्रबंध : हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़,12 मई – हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में संपन्न हुए नगर निकायों के आम एवं उपचुनावों की मतगणना के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं रिटर्निंग अधिकारियों को मतगणना प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न करवाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि नगर निकाय चुनावों की मतगणना 13 मई 2026 को प्रातः 8:00 बजे से संबंधित मतगणना केंद्रों पर शुरू होगी। मतगणना कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं नियमों के अनुरूप सम्पन्न कराया जाएगा तथा प्रत्येक चरण की निगरानी संबंधित अधिकारियों द्वारा की जाएगी, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनी रहे।

उन्होंने बताया कि सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक एवं पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही मतगणना स्थलों पर प्रवेश की अनुमति होगी। केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।

प्रवक्ता ने कहा कि ईवीएम मशीनों को स्ट्रांग रूम से मतगणना केंद्रों तक लाने तथा मतगणना उपरांत पुनः सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के दौरान विशेष पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अतिरिक्त, अवांछित एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मतगणना केंद्रों के आसपास हथियारों एवं संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष जांच अभियान चलाए जाएंगे। कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु मतगणना केंद्रों के निकट अनावश्यक भीड़ एकत्रित होने की अनुमति नहीं होगी तथा शोर-शराबा या व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

प्रवक्ता ने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण सतर्कता एवं तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न हो सके।

आयोग ने सभी प्रत्याशियों, चुनाव एजेंटों एवं समर्थकों से अपील की है कि वे मतगणना के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

प्रवक्ता ने बताया कि प्रत्येक मतगणना केंद्र पर सामान्य पर्यवेक्षक एवं संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है, ताकि मतगणना प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या, शिकायत अथवा आवश्यक जानकारी का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी, चुनाव एजेंट अथवा अन्य अधिकृत व्यक्ति किसी भी प्रकार की दुविधा या समस्या होने पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा निर्वाचन आयोग द्वारा 10 मई 2026 को आयोजित नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण,  निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाए गए। इन चुनावों के अंतर्गत अंबाला, पंचकूला एवं सोनीपत नगर निगम, रेवाड़ी नगर परिषद तथा धारूहेड़ा, सांपला एवं उकलाना नगर पालिका में मतदान कराया गया। इसके अतिरिक्त प्रदेश के विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में वार्डों के उपचुनाव भी सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!