सफाई, सड़क सुधार और प्रदूषण नियंत्रण कार्यों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं- निगमायुक्त प्रदीप दहिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीएक्यूएम एनुअल एक्शन प्लान के लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश, सभी विभागों को जिम्मेदारी निभाने पर जोर

गुरुग्राम, 20 अप्रैल। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में सफाई व्यवस्था, सड़क सुधारीकरण तथा प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की ढ़िलाई सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप एनुअल एक्शन प्लान में निर्धारित लक्ष्यों को तय समय में पूरा करना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाएं और गुरुग्राम को स्वच्छ, हरित व प्रदूषण मुक्त बनाने के अभियान में और तेजी लाएं।

डिविजन वाइज सर्फेस पार्किंग से ट्रैफिक और प्रदूषण पर नियंत्रण

निगमायुक्त ने समीक्षा बैठक के दौरान शहर में डिविजन वाइज सर्फेस पार्किंग की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर खड़े वाहनों की संख्या कम करने से ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।

जंक्शन सुधार कार्यों में प्रगति, नए प्रोजेक्ट जारी

बैठक में जीएमडीए अधिकारियों ने जानकारी दी कि जनवरी से मार्च तक निर्धारित लक्ष्यों के तहत पुलिस विभाग के सहयोग से चार प्रमुख जंक्शन का सुधार कार्य पूरा किया जा चुका है। इनमें पालम विहार चौक, सेक्टर 40/45 चौक, सेक्टर 4/5 चौक तथा सेक्टर 48/49 रोड शामिल हैं। वहीं अप्रैल से जून तिमाही के लक्ष्यों के तहत पांच जंक्शनों पर सुधार कार्य प्रगति पर है। इनमें मॉडर्न बाजार मैफील्ड गार्डन, सेक्टर 52 ताऊ देवीलाल पार्क के सामने, सेक्टर 72ए/33 रोड, आर्केडिया रोड तथा सेक्टर 9 चौक शामिल हैं।

धूल और कचरा मुक्त सड़कों पर विशेष जोर

निगमायुक्त ने एनएचएआई अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्गों की सफाई और धूल नियंत्रण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही जीएमडीए को अपनी सड़कों से धूल-मिट्टी हटाने को कहा गया। नगर निगम के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्रों में सड़कों को धूल और कचरा मुक्त बनाने के अभियान में तेजी लाएं। गर्मी के मौसम को देखते हुए सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।

ग्रीन बेल्ट और सेंट्रल वर्ज में हरियाली बढ़ाने पर फोकस

बैठक में शहर के ग्रीन बेल्ट और सेंट्रल वर्ज में अधिक से अधिक हरियाली विकसित करने पर भी जोर दिया गया। संबंधित विभागों को पौधारोपण और रखरखाव के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

इस समीक्षा बैठक में एनएचएआई, जीएमडीए, एचएसवीपी, आरटीए, पुलिस, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित नगर निगम गुरुग्राम के अधिकारी मौजूद रहे। निगमायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और शहर को स्वच्छ व प्रदूषण मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!