वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब का सांस्कृतिक आयोजन, भजनों व कविताओं से सजी संध्या

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गीता भवन में हुआ कार्यक्रम, वरिष्ठों के अनुभव को बताया समाज की धरोहर

गुरुग्राम, 18 अप्रैल 2026 (भारत सारथी): न्यू कॉलोनी स्थित गीता भवन के प्रांगण में वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब, गुरुग्राम इकाई द्वारा माह के तीसरे शनिवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्रधान एवं फोरबा के चेयरमैन धर्मसागर ने की, जबकि मंच संचालन डी.एन. कवातरा ने गायत्री मंत्र के साथ शुभारंभ कर किया।

कार्यक्रम में धर्मसागर ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि वरिष्ठजन समाज की धरोहर हैं और उनके अनुभव युवाओं के लिए मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे वरिष्ठों के साथ समय बिताकर उनके अनुभवों से सीख लें। इस अवसर पर गीता भवन के प्रधान उदयभान ग्रोवर एवं चेयरमैन सुरेंद्र खुल्लम सहित पूरी टीम के सहयोग की सराहना की गई।

धर्मसागर ने अपने संबोधन में एक प्रेरणादायक कविता भी सुनाई—
“विचारों को वश में रखिये, वह आपके शब्द बनेंगे… आदतों को वश में रखिये, तो वह आपका भाग्य बनेंगे।”

कार्यक्रम में भजन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। जगदीश अरोड़ा ने “सुख के सब साथी दुख में न कोए”, चंदर कुमार चौधरी ने “हनुमान जी हमारा भी एक काम करियो”, लाजपत चांदना ने “कान्हा तेरे दर्शन को…”, मिथलेश ने “हरे राम हरे कृष्ण” तथा जगदीश गुलाटी ने “मुरली वाले तू मुरली बजाना” प्रस्तुत किया। पूनम रावा ने “मुरली वाले आजा…” और “सत्यम शिवम सुंदरम” से समां बांधा।

गौतम शर्मा ने सूरदास के पदों का वाचन किया, जबकि एल.डी. बवेजा ने भक्ति पर अपने विचार साझा किए। मंच संचालक डी.एन. कवातरा ने शायरी के माध्यम से जीवन के सकारात्मक दृष्टिकोण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान समय पर पहुंचने वाले 20 सदस्यों के नामों का ड्रा निकालकर दो सदस्यों को पुरस्कृत भी किया गया। साथ ही आगामी वार्षिकोत्सव के लिए इच्छुक सदस्यों को सोमवार को होने वाली रिहर्सल में शामिल होने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर रमेश वशिष्ठ, केसरदास ग्रोवर, रविंद्र वर्मा, सोमप्रकाश, एस.के. आहूजा, किरण अरोड़ा, तिलक ग्रोवर, उषा, सुभाष चंद्र, एल.सी. चुटानी, एच.के. खेड़ा, के.सी. सरदाना, रमेश धवन सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!