बाबा साहेब के सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा : मोहन लाल बड़ौली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डा. अंबेडकर की प्रतिमाओं के आस-पास साफ-सफाई की तथा दीपोत्सव का आयोजन कर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की*

14 अप्रैल को सभी 20,629 बूथों पर बाबा साहेब की जयंती को बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाएगा : बड़ौली*

चंडीगढ़, 13 अप्रैल। संविधान निर्माता डा. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा ने पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर कार्यक्रमों की शुरुआत कर दी गई है। जयंती से पूर्व सोमवार को प्रदेश भर में पार्टी नेताओं, मंत्रियों, विधायकों तथा कार्यकर्ताओं ने डा. अंबेडकर की प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की तथा दीपोत्सव का आयोजन कर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की। बाबा साहेब की जयंती को लेकर जिलों, मंडलों और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह दीपोत्सव बाबा साहेब के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है। इस पहल का उद्देश्य समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सेवा भावना को मजबूत करना है। प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज को समानता, न्याय और बंधुत्व का संदेश दिया था, जिसे साकार करने के लिए भाजपा उनके बताए मार्ग पर चल रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बताया कि 14 अप्रैल को पूरे हरियाणा में 20,629 बूथों पर बाबा साहेब की जयंती को बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और उनके द्वारा दिए गए सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य केवल जयंती मनाना नहीं, बल्कि बाबा साहेब के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि डा. अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में सप्ताह भर अभियान चलेगा जिसके अंतर्गत सामाजिक समरसता संगोष्ठी, गांवों व बस्तियों में सेवा कार्य किए जाएंगे। 14 अप्रैल को पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बाबा साहेब की प्रतिमा और चित्र पर माल्यार्पण करेंगे तथा समाज के साथ मिलकर मिष्ठान वितरण करेंगे। प्रत्येक बूथ और पार्टी कार्यालय पर बाबा साहेब के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के हर वर्ग को जोड़ने और बाबा साहेब के विचारों को व्यवहार में उतारने का काम किया जाएगा।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि डा. भीमराव अंबेडकर का जीवन संघर्ष, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने संविधान के माध्यम से देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक ढांचा प्रदान किया और समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा में लाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि मोदी और हरियाणा की नायब सैनी सरकार सदैव बाबा साहेब के दिखाए मार्ग पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है और उनके विचारों को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। भाजपा की केंद्र सरकार और हरियाणा की नायब सैनी सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं भी इसी दिशा में एक मजबूत कदम है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक बाबा साहेब के विचारों को पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि भाजपा सामाजिक समरसता, एकता और भाईचारे को मजबूत करने का कार्य कर रही है। जब समाज के सभी वर्ग एक साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे, तभी देश का समग्र विकास संभव होगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!