हरियाणा सरकार का 24 घंटे फसल खरीद का दावा बेमानी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अनाज मंडियों में व्यवस्था ठप्प

किसान और व्यापारी त्रस्त सरकार मस्त

फरुखनगर, 13 अप्रैल। हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश की मंडियों में 24 घंटे फसल खरीद का दावा बेमानी है। जमीनी हकीकत एवं सच्चाई सरकारी दावों की पोल खोल रही है। प्रदेश की अनेक अनाज मंडियों में खरीद व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। जिससे किसान और व्यापारी दोनों भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुखबीर जे तंवर ने फरुखनगर अनाज मंडी का दौरा किया और फसल खरीद का मौके पर जायजा लिया। मौके पर पता चला की फरुखनगर अनाज मंडी में गेहूँ की आवक बढ़ने और उठान नही होने के कारण 11 और 12 अप्रैल को पोर्टल के माध्यम से टोकन नही कट पाये और क्षेत्र के किसानों को सरकार के कुप्रबंधन एवं अव्यवस्था के कारण गेहूँ बिक्री में परेशानी झेलने के लिये मजबूर होना पड़ा।

निराश किसानों को अपने गेहूँ की उपज मंडी से लेकर वापस लौटना पड़ा। जिससे किसान का धन, समय और ऊर्जा बर्बाद हुई। आज भी पोर्टल का सर्वर धीमा होने के कारण किसानों को टोकन कटवाने में अत्याधिक परेशानी हुई। प्रदेश सरकार एक तरफ 24 घंटे फसल खरीद के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी तरफ मंडियों में बुनियादी व्यवस्थाओं का अभाव साफ नजर आ रहा है। बारदाने की कमी, उठान में देरी, टोकन व्यवस्था की विफलता और प्रशासनिक लापरवाही के साथ बेमौसम वर्षा ने किसानों को बदहाल किया हुआ है।

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस मांग करती है कि मंडियों में तुरंत पर्याप्त स्थान और संसाधन उपलब्ध कराये जायें। गेहूं की उठान प्रक्रिया में तेजी लाकर फसल खरीद को सुचारू किया जाये। टोकन व्यवस्था को पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाये। किसानों और व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाये।

प्रदेश सरकार को समझना चाहिये कि किसान केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि ठोस व्यवस्थाओं से संतुष्ट होता है। यदि जल्द ही हालात नहीं सुधरे, तो कांग्रेस पार्टी किसानों और व्यापारियों के हक में सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। मंडी दौरे के अवसर पर श्रीभगवान, रामसिंह, सुरेश, हरीश, कृष्ण, कमल, बिशम्बर, हरिकिशन, रमेश, नवीन, पंकज सहित अनेक किसान मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!