पलवल मंडी में अव्यवस्थाओं का अंबार, किसानों की मुश्किलें बढ़ीं — राव नरेंद्र सिंह

चंडीगढ़, 13/04/26 – हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने पलवल अनाज मंडी का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान नेताओं ने किसानों से विस्तृत बातचीत कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही वास्तविक स्थिति का आकलन किया।
दौरे के दौरान मंडी में व्याप्त अव्यवस्थाएं स्पष्ट रूप से सामने आईं। किसानों ने बताया कि उन्हें अपनी फसल की बिक्री में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। समय पर खरीद न होने, उचित भंडारण की कमी और मूलभूत सुविधाओं के अभाव के चलते उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि मंडियों की बदहाल स्थिति सरकार की लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है, जिसके कारण अन्नदाता लगातार परेशानियों से जूझ रहा है। उन्होंने मांग की कि मंडियों में तुरंत सुधार किया जाए, खरीद प्रक्रिया को तेज किया जाए तथा किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं।
कांग्रेस नेताओं ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी आवाज को मजबूती से सरकार तक पहुंचाया जाएगा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
दौरे से पूर्व राव नरेंद्र सिंह ने पलवल जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश के जिला अध्यक्षों की मासिक समीक्षा बैठक की एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
अपने संबोधन में उन्होंने सभी को एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ देश और समाज विरोधी ताकतों का मुकाबला करने का आह्वान किया तथा कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान, सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, सह प्रभारी प्रफुल्ल गुडथे, पूर्व मंत्री करण दलाल, जिला अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना, फरीदाबाद जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक, महिला जिला अध्यक्ष सविता कुंडू, सुमित गौड़, ऋषि यादव सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








