नगर निगम गुरुग्राम क्षेत्र के उपभोक्ता 31 मई 2026 तक अपने पानी के कनेक्शनों पर मीटर अवश्य लगवा लें
गुरुग्राम, 13 अप्रैल। हरियाणा सरकार ने नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए एक महत्वपूर्ण नोटिफिकेशन जारी किया है। इस नोटिफिकेशन के अनुसार, नगर निगम गुरुग्राम क्षेत्र की कॉलोनियों और गांव में पानी के बिलों पर लगने वाला सरचार्ज (ब्याज) पूरी तरह माफ कर दिया गया है।
हालांकि, यह राहत केवल उन उपभोक्ताओं के लिए लागू होगी जिनके घरों में पानी के मीटर लगे हुए हैं। बिना मीटर वाले कनेक्शनों पर यह छूट लागू नहीं होगी। सरकार ने इसके साथ ही सख्त निर्देश भी जारी किए हैं कि सभी उपभोक्ता 31 मई 2026 तक अपने पानी के कनेक्शनों पर मीटर अवश्य लगवा लें।
निर्धारित समय सीमा के बाद जिन घरों में मीटर नहीं लगाए जाएंगे, उनके पानी के कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा सकती है। सरकार का यह कदम जल प्रबंधन को बेहतर बनाने और उपभोक्ताओं को नियमित भुगतान के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।









