ग्रीन बेल्ट में पेड़ काटकर शौचालय निर्माण पर बवाल, सेक्टर-5 के लोगों ने उठाई आवाज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम के सेक्टर-5 में नियमों की अनदेखी का आरोप, राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण के उल्लंघन की शिकायत

गुरुग्राम, 8 अप्रैल 2026: शहर के सेक्टर-5 पार्ट-6 क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट में पेड़ों की कटाई कर शौचालय निर्माण किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने इस पूरे प्रकरण को गंभीर पर्यावरणीय उल्लंघन बताते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

निवासियों द्वारा भेजी गई शिकायत में कहा गया है कि शिवा पार्क के सामने स्थित ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में हरे-भरे पेड़ों को काटकर शौचालय का निर्माण किया जा रहा है, जो सीधे तौर पर राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण के नियमों का उल्लंघन है।

शिकायतकर्ता दिनेश वशिष्ठ, जो आरडब्ल्यूए के वरिष्ठ पदाधिकारी हैं, ने स्पष्ट कहा कि इस निर्माण कार्य के बारे में न तो स्थानीय निवासियों को कोई पूर्व सूचना दी गई और न ही आरडब्ल्यूए से कोई सहमति ली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्य बिना जनसहमति के जबरन किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह के शौचालय की कोई आवश्यकता नहीं है और इससे सेक्टर की छवि व स्वच्छता व्यवस्था पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। साथ ही, ग्रीन बेल्ट में पेड़ों की कटाई पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है।

निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस निर्माण कार्य को तुरंत रोका जाए और काटे गए पेड़ों को पुनः लगाया जाए। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मामले को राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण और मुख्यमंत्री समाधान शिविर तक ले जाएंगे।

शिकायत की प्रति नगर निगम आयुक्त, पुलिस आयुक्त, संबंधित एसएचओ और विधायक मुकेश शर्मा सहित कई अधिकारियों को भेजी गई है।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पर्यावरण संरक्षण के नियमों का पालन सुनिश्चित करता है या नहीं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!