तीन दिन तक चलने वाले इस अभियान में भाजपा के महिला मोर्चा की रहेगी अहम भूमिका : बड़ौली
भाजपा का मुख्य उद्देश्य ’महिला सशक्तिकरण’ के माध्यम से ’महिला-नेतृत्व को बढ़ावा देना है : मोहन लाल बड़ौली
चंडीगढ़, 08 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी 16 से 18 अप्रैल तक नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में पूरे प्रदेश में व्यापक अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत बड़ी योजना के तहत कई तरह के कार्यक्रम होंगे, हस्ताक्षर अभियान व बाइक रैलियां निकाली जाएंगी। इस अभियान में भाजपा के महिला मोर्चा की बड़ी भूमिका रहने वाली है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि 16, 17 और 18 को संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। भाजपा ने महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया है। इन विशेष तीन दिनों में भाजपा का महिला मोर्चा, महिला सांसद, विधायक, चेयरमैन, पंच, सरपंच, पार्षद एक बड़ी योजना के तहत कई कार्यक्रम करेंगे।
श्री बड़ौली ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। पंचायतों, जिला परिषदों, नगर पालिकाएं, ब्लॉक समिति और नगर निगमों में अधिनियम के समर्थन में प्रस्ताव पास कराएं जाएंगे। यह अभियान बहुत बड़ा होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए अन्य राजनीतिक दलों से भी विशेष सत्र के दौरान अधिनियम का समर्थन करने का आग्रह किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का मुख्य उद्देश्य ’महिला सशक्तिकरण’ के माध्यम से ’महिला-नेतृत्व विकास’ को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक भागीदारी के बिना आत्मनिर्भर भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता। श्री बड़ौली ने कहा कि महिला सशक्तिकरण भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि 2014 से देश व प्रदेश में भाजपा की सरकार है। भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में तेज गति से प्रदेश का विकास हो रहा है। करीब कल्याण की योजनाएं गरीबों के घर तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश विकसित राष्ट्र बनने की राह पर अग्रसर है।
प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि अमेरिका, इजरायल, इरान युद्ध के दौरान दुनिया में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े हैं, लेकिन भारत में महंगाई नहीं बढ़ी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दामों में 10 रुपये की छूट देकर जनता को राहत देने का काम किया है। मोदी सरकार की नीति स्पष्ट है और पीएम मोदी के हाथों में देश सुरक्षित है।







