विज्ञापनों की चमक बनाम शिक्षा की वास्तविक गुणवत्ता
— सतवंती नेहरा
आज के समय में शिक्षा एक सेवा के साथ-साथ तेजी से बढ़ता व्यवसाय भी बन गई है। निजी स्कूल आकर्षक विज्ञापनों, आधुनिक सुविधाओं और “सफलता की गारंटी” जैसे दावों के जरिए अभिभावकों को लुभाते हैं। लेकिन इन दावों और वास्तविक परिणामों के बीच अक्सर बड़ा अंतर देखने को मिलता है।
अभिभावक अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए महंगी फीस चुकाने को मजबूर हैं, यहां तक कि कई परिवार अपनी जरूरतों में कटौती या कर्ज लेकर भी शिक्षा का खर्च उठाते हैं। उन्हें उम्मीद होती है कि महंगा स्कूल बेहतर शिक्षा और सफलता सुनिश्चित करेगा। परंतु सच्चाई यह है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होने वाले छात्रों की संख्या सीमित होती है और अधिकतर छात्र इसके लिए अलग से कोचिंग पर निर्भर रहते हैं।
स्कूल अक्सर कुछ चुनिंदा सफल छात्रों को दिखाकर अपनी छवि मजबूत बनाते हैं, जबकि पूरे परिणाम उतने प्रभावशाली नहीं होते। इसी तरह बोर्ड परीक्षाओं में भी उच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्रों की संख्या अपेक्षाकृत कम होती है।
फीस का बोझ भी एक बड़ा मुद्दा है। ट्यूशन फीस के अलावा परिवहन, किताबें, यूनिफॉर्म और अन्य शुल्क मिलाकर शिक्षा बेहद महंगी हो जाती है। हालांकि बेहतर सुविधाओं के लिए खर्च जरूरी है, लेकिन जब फीस और गुणवत्ता में संतुलन नहीं होता, तब समस्या उत्पन्न होती है।
ऐसे में अभिभावकों को केवल विज्ञापनों पर भरोसा करने के बजाय स्कूल के वास्तविक प्रदर्शन, शिक्षकों की गुणवत्ता और परिणामों का मूल्यांकन करना चाहिए। जरूरत पड़ने पर सामूहिक रूप से आवाज उठाना भी जरूरी है।
अंततः, शिक्षा का उद्देश्य केवल अंक या परीक्षा नहीं, बल्कि बच्चे का समग्र विकास होना चाहिए। कोई भी स्कूल सफलता की गारंटी नहीं दे सकता—सफलता मेहनत, मार्गदर्शन और सही वातावरण पर निर्भर करती है।









