गुरुग्राम में गंदगी पर कांग्रेस का अल्टीमेटम, मंत्री-विधायकों के घरों के बाहर कूड़ा डालने की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चार दिन में सफाई नहीं हुई तो कांग्रेस करेगी प्रदर्शन

“स्मार्ट सिटी नहीं, कूड़ा सिटी बन चुका है गुरुग्राम” : पंकज डावर

हाउस टैक्स लेने वाली सरकार सफाई देने में विफल,

कांग्रेस का आरोप डेंगू-मलेरिया के खतरे के बीच नगर निगम पर लापरवाही का आरोप

गुरुग्राम। शहर में बढ़ती गंदगी और जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार और नगर निगम पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने चेतावनी दी है कि यदि अगले चार दिनों में सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता मंत्री और विधायकों के घरों के बाहर कूड़ा डालकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

बुधवार को कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पंकज डावर ने कहा कि जिस गुरुग्राम को स्मार्ट सिटी कहा जाता है, वह अब “कूड़ा सिटी” बन चुका है। शहर के सेक्टरों और कॉलोनियों में गंदगी के ढेर लगे हैं तथा बदबू के कारण लोगों का जीना दूभर हो गया है। उन्होंने कहा कि बच्चे और बुजुर्ग बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन स्थिति को लेकर गंभीर नहीं दिख रहा।

डावर ने नगर निगम और सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता से हर वर्ष करोड़ों रुपये का हाउस टैक्स और प्रॉपर्टी टैक्स वसूला जाता है, लेकिन बदले में लोगों को घरों के बाहर गंदगी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां कई-कई दिनों तक नहीं पहुंचतीं और सफाई व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित है।

उन्होंने कहा कि शहर में फैली गंदगी से डेंगू, मलेरिया और डायरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। मानसून से पहले यदि व्यापक सफाई अभियान नहीं चलाया गया तो हालात और खराब हो सकते हैं। डावर ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने गुरुग्राम की जनता को बीमारियों के खतरे के बीच छोड़ दिया है।

कांग्रेस नेता ने चार दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता शहर का कूड़ा उठाकर सीधे मंत्री और विधायकों के आवासों के बाहर डालेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक जनप्रतिनिधियों को खुद गंदगी का सामना नहीं करना पड़ेगा, तब तक उन्हें आम जनता की परेशानी का एहसास नहीं होगा।

पंकज डावर ने कहा कि कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है और गंदगी के खिलाफ यह लड़ाई अब सड़कों पर लड़ी जाएगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम के पास सफाई के लिए करोड़ों रुपये का बजट होने के बावजूद जमीन पर काम दिखाई नहीं दे रहा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!