वार्ड-बूथ स्तर पर संगठन विस्तार, जनसमस्याओं को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी
गुरुग्राम। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने बुधवार को कांग्रेस कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों की मासिक बैठक ली। बैठक में संगठन को मजबूत करने और पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
पंकज डावर ने कहा कि कांग्रेस को हर वार्ड और बूथ स्तर तक सक्रिय करना पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती से ही जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकता है। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा।
बैठक में संगठन के विस्तार और पुनर्गठन को लेकर अहम चर्चा हुई। डावर ने निर्देश दिए कि वार्ड स्तर पर कमेटियों का गठन जल्द पूरा किया जाए। जहां पद खाली हैं, वहां सक्रिय और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, टूटी सड़कों, जलभराव और सफाई व्यवस्था की बदहाली जैसे मुद्दों पर कांग्रेस लगातार आवाज उठाएगी। इसके लिए वार्ड स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों की समस्याएं सूचीबद्ध की जाएंगी। बैठक में तय किया गया कि अगले महीने से विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहकर काम करने और हर घर तक कांग्रेस की विचारधारा पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के झूठे वादों से जनता परेशान है और कांग्रेस ही लोगों के हितों की रक्षा कर सकती है।
बैठक में पंकज डावर ने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासन और एकजुटता के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में मिली हार से सबक लेकर अब विधानसभा और नगर निगम चुनाव की तैयारी अभी से शुरू करनी होगी।








