छठ पर घर जाने की मजबूरी, निजी बसों में तीन गुना तक किराया वसूलने का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

खांडसा मंडी और हीरो होंडा चौक से बिहार-पूर्वांचल जाने वाले यात्री परेशान; 1,000–1,200 रुपये के सफर के लिए मांगे जा रहे 3,000–3,500 रुपये

गुरुग्राम, 11 नवंबर (अशोक)। छठ महापर्व पर अपने घर जाने की तैयारी कर रहे बिहार और पूर्वांचल के यात्रियों ने निजी बस संचालकों पर मनमाना किराया वसूलने का आरोप लगाया है। यात्रियों के मुताबिक, हीरो होंडा चौक और खांडसा मंडी क्षेत्र से चलने वाली निजी बसों में जिस सफर का सामान्य किराया 1,000 से 1,200 रुपये होता है, उसके लिए अब 3,000 से 3,500 रुपये तक मांगे जा रहे हैं। पर्याप्त विकल्प नहीं मिलने के कारण उन्हें बढ़ा हुआ किराया देकर यात्रा करनी पड़ रही है।

स्थानीय समाजसेवी राजेश पटेल तथा यात्रा कर रहे शुभम, रजत, श्वेता, राजेश और संदीप ने बताया कि त्योहार पर घर जाने वालों की भीड़ बढ़ते ही निजी बस संचालकों ने किराए में भारी बढ़ोतरी कर दी है। उनका आरोप है कि प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से प्रभावी निगरानी नहीं होने के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ रही है।

अतिरिक्त परिवहन सुविधाओं के दावों पर यात्रियों ने उठाए सवाल

यात्रियों ने छठ के अवसर पर अतिरिक्त सरकारी बसें और विशेष रेलगाड़ियां चलाने के सरकारी दावों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि उन्हें जरूरत के मुताबिक यात्रा की सुविधा नहीं मिल रही है, जिससे निजी बसों का सहारा लेना मजबूरी बन गया है। खासकर परिवार के साथ यात्रा करने वालों के लिए बढ़ा हुआ किराया आर्थिक बोझ बन रहा है।

यात्रियों ने कहा कि छठ उनके लिए आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है और इस अवसर पर घर पहुंचने का विशेष महत्व है। इसी मजबूरी का फायदा उठाकर अधिक किराया मांगा जा रहा है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर भी छठ पूजा के लिए पर्याप्त और समुचित व्यवस्थाएं नहीं होने की शिकायत की।

राजेश पटेल और यात्रियों का कहना है कि हर वर्ष त्योहार पर विशेष परिवहन सुविधाओं के आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन जरूरत के समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन और परिवहन विभाग से निजी बसों के किराए की निगरानी करने तथा बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों के लिए पर्याप्त अतिरिक्त परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें