-भर्ती परीक्षाओं में धांधली से युवाओं का भविष्य खतरे में होने का आरोप
युवा कांग्रेस ने पेपर लीक नेटवर्क की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई

बहादुरगढ़। निशित कटारिया ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि हर बड़ी परीक्षा में धांधली होना अब आम बात बन गई है, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन वास्तविकता यह है कि परीक्षाएं ही लगातार विवादों में घिर रही हैं। कभी पेपर लीक होता है तो कभी भर्ती प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े होते हैं। उनका कहना था कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में पेपर लीक होना बेहद गंभीर मामला है, जिसने लाखों मेहनती विद्यार्थियों का मनोबल तोड़ा है।
निशित कटारिया ने आरोप लगाया कि शिक्षा में भ्रष्टाचार और नौकरियों में धांधली भाजपा शासन की पहचान बन चुकी है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में कई भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में अनियमितताओं के मामले सामने आए, लेकिन सरकार दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने में विफल रही। इसका नुकसान उन आम परिवारों के बच्चों को उठाना पड़ रहा है, जो दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। सरकार को मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर पेपर लीक के पीछे सक्रिय नेटवर्क का पर्दाफाश करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो युवाओं का भरोसा पूरी व्यवस्था से उठ जाएगा।
विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से प्रियंका चंदेलिया, मुबीन खान, इमरत उल्लावास, एडवोकेट मोहित तंवर, मुकुल देशवाल, नमन गोसाई, गौतम यादव, विक्रम कटारिया, सुनील कटारिया और हारिस बिसरु सहित कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।








