नीट पेपर लीक: अब फैसला करना होगा – पुरानी व्यवस्था बचानी या भविष्य बनाना है

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मेहनती छात्रों के भरोसे पर सबसे बड़ा हमला, परीक्षा प्रणाली में व्यापक बदलाव की जरूरत

राजेश जैन

देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी-2026 का रद्द होना केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीय परिवारों के विश्वास को गहरी चोट पहुंचाने वाली घटना है। 22 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने वर्षों की मेहनत, अनुशासन और त्याग के साथ इस परीक्षा की तैयारी की थी। किसी छात्र ने सोशल मीडिया और मोबाइल से दूरी बनाई, किसी ने गांव छोड़कर शहर में किराए का कमरा लिया, तो कई परिवारों ने बच्चों के सपनों के लिए अपनी जमा-पूंजी तक दांव पर लगा दी। लेकिन कुछ लोगों के लालच और व्यवस्था की कमजोरियों ने लाखों युवाओं को असमंजस और निराशा के बीच खड़ा कर दिया।

अब यह सवाल पूरे देश के सामने है कि क्या भारत की परीक्षा प्रणाली पुराने ढांचे पर आगे बढ़ सकती है या समय आ गया है कि इसे पूरी तरह आधुनिक, सुरक्षित और तकनीक आधारित बनाया जाए।

आज चिंता केवल पेपर लीक की नहीं है, बल्कि उस भरोसे की है जो विद्यार्थियों के मन से टूटता जा रहा है। जब मेहनती छात्र यह महसूस करने लगें कि उनकी सफलता मेहनत नहीं बल्कि सिस्टम की कमजोरियों पर निर्भर है, तब यह केवल परीक्षा संकट नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था के नैतिक आधार पर गंभीर प्रश्न बन जाता है।

पेपर लीक अब संगठित माफिया नेटवर्क का रूप

इस मामले की जांच में सामने आए तथ्य बेहद चिंताजनक हैं। देहरादून, सीकर, जयपुर, गुरुग्राम सहित कई शहरों से जुड़े नेटवर्क यह संकेत दे रहे हैं कि पेपर लीक अब किसी छोटे गिरोह का काम नहीं रहा, बल्कि यह एक संगठित माफिया तंत्र बन चुका है।

बसे गंभीर पहलू यह है कि अब यह नेटवर्क आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है। एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप, क्लोज्ड डिजिटल ग्रुप्स और ऑनलाइन पेमेंट सिस्टम जांच एजेंसियों के लिए नई चुनौती बन गए हैं। ऐसे में केवल एफआईआर दर्ज करना या कुछ गिरफ्तारियां कर लेना स्थायी समाधान नहीं हो सकता। जरूरत पूरी परीक्षा प्रणाली को नए सिरे से डिजाइन करने की है।

जेईई मेन की तरह सीबीटी मोड में हो नीट

नीट वर्तमान में दुनिया की सबसे बड़ी ऑफलाइन परीक्षाओं में शामिल है। लाखों ओएमआर शीट्स, हजारों परीक्षा केंद्र और प्रश्नपत्रों की लंबी फिजिकल सप्लाई चेन इसकी सबसे बड़ी कमजोरी बन चुकी है। प्रश्नपत्र प्रिंटिंग प्रेस से लेकर परीक्षा केंद्र तक कई स्तरों से गुजरता है और यही लीक का सबसे संवेदनशील हिस्सा साबित होता है।

इसके विपरीत जेईई मेन जैसी परीक्षाएं कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित होती हैं। वहां प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने के बाद ही स्क्रीन पर दिखाई देता है। अलग-अलग सेट, रैंडम प्रश्न वितरण और डिजिटल एन्क्रिप्शन के कारण पेपर लीक की संभावना बेहद कम हो जाती है। यही वजह है कि शिक्षा विशेषज्ञ लगातार सुझाव दे रहे हैं कि अब नीट जैसी परीक्षा को भी चरणबद्ध तरीके से तकनीक आधारित मॉडल की ओर ले जाना चाहिए।

क्या भारत पूरी तरह ऑनलाइन परीक्षा के लिए तैयार है?

यह प्रश्न स्वाभाविक है कि क्या भारत जैसे विशाल देश में इतनी बड़ी परीक्षा ऑनलाइन कराना संभव है? इसका उत्तर है—हां, लेकिन योजनाबद्ध और चरणबद्ध तरीके से।

कोविड महामारी के बाद देश में डिजिटल ढांचे का तेजी से विस्तार हुआ है। बैंकिंग, सरकारी सेवाएं, ऑनलाइन शिक्षा और डिजिटल भुगतान गांवों तक पहुंच चुके हैं। जेईई मेन, सीयूएटी और बैंकिंग भर्ती परीक्षाएं पहले से सफलतापूर्वक कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जा रही हैं।

नीट को भी दो चरणों में लागू किया जा सकता है। पहले चरण में बड़े शहरों और मजबूत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर वाले क्षेत्रों में CBT मोड शुरू किया जाए। जिन क्षेत्रों में सुविधाएं सीमित हैं, वहां कुछ समय तक हाइब्रिड मॉडल अपनाया जा सकता है। इसके बाद दूसरे चरण में मल्टी-सेशन ऑनलाइन परीक्षा व्यवस्था लागू की जा सकती है।

इस व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से पहले किसी व्यक्ति तक पहुंच ही नहीं पाएगा। यही सबसे मजबूत सुरक्षा कवच साबित हो सकता है।

सुरक्षा व्यवस्था की सोच बदलना भी जरूरी

सिर्फ ऑनलाइन परीक्षा शुरू कर देना पर्याप्त नहीं होगा। यदि व्यवस्था को वास्तव में सुरक्षित बनाना है, तो सुरक्षा की पूरी सोच बदलनी होगी।

सबसे पहले प्रश्नपत्र निर्माण और वितरण प्रक्रिया को “जीरो ह्यूमन एक्सेस मॉडल” की ओर ले जाना होगा, जहां किसी एक व्यक्ति के पास पूरा प्रश्नपत्र उपलब्ध न हो। इसके लिए एआई आधारित एन्क्रिप्शन और डिजिटल लॉकिंग सिस्टम लागू किए जा सकते हैं।

दूसरा, परीक्षा केंद्रों की निगरानी को केवल औपचारिकता नहीं बल्कि वास्तविक सुरक्षा प्रणाली बनाना होगा। एआई आधारित कैमरे, लाइव कंट्रोल रूम और रियल टाइम अलर्ट सिस्टम जैसी तकनीकों को अपनाना समय की जरूरत है।

तीसरा, बायोमेट्रिक सत्यापन को और मजबूत करना होगा। केवल फिंगरप्रिंट नहीं, बल्कि फेस रिकग्निशन, लाइव फोटो मैचिंग और मल्टी-लेयर पहचान प्रणाली लागू करनी होगी ताकि डमी उम्मीदवारों की एंट्री पूरी तरह रोकी जा सके।

दुनिया के कई देशों ने ऐसे मॉडल सफलतापूर्वक अपनाए हैं। अमेरिका और यूरोप में मेडिकल प्रवेश परीक्षाएं पूरी तरह CBT मोड में आयोजित होती हैं, जबकि चीन और दक्षिण कोरिया जैसे देशों में एआई निगरानी, फेस रिकग्निशन और डिजिटल सिग्नल ब्लॉकर तक का उपयोग किया जाता है। भारत भी इन अनुभवों से सीखकर अपनी परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बना सकता है।

अब निर्णायक बदलाव का समय

नीट पेपर लीक केवल एक परीक्षा विवाद नहीं है। यह उस व्यवस्था की चेतावनी है जो समय के साथ बदलने में पीछे रह गई। यदि आज भी सुधारों को टाल दिया गया, तो आने वाले वर्षों में विद्यार्थियों का भरोसा और कमजोर होगा।

देश को अब यह तय करना होगा कि वह पुरानी व्यवस्था को बचाना चाहता है या आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित करना चाहता है। क्योंकि शिक्षा व्यवस्था में भरोसा टूटने की कीमत किसी भी राष्ट्र के लिए सबसे महंगी साबित होती है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!