कांग्रेस की जिलावार बैठकों का चौथा चरण सोमवार से, रोहतक से होगा आगाज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

17 से 21 अगस्त तक रोहतक, जींद, फतेहाबाद और कैथल में कार्यकारिणियों व पार्टी नेताओं से करेंगे संवाद

19 अगस्त को पंचकूला में एचकेआरएन कर्मचारियों के समर्थन में धरना, एसआईआर को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी से भी मुलाकात

चंडीगढ़, 16 अगस्त। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस की जिलावार बैठकों का चौथा चरण सोमवार, 17 अगस्त से शुरू होगा। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में होने वाली इन बैठकों में जिला कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणियों, विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम के अनुसार 17 अगस्त को रोहतक शहरी और रोहतक ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणियों के साथ बैठक होगी। इस दौरान जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों पर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।

18 अगस्त को जींद में संवाद

अगले दिन 18 अगस्त को जींद जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी तथा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया जाएगा। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ स्थानीय जनसमस्याओं और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा होगी।

पंचकूला में एचकेआरएन को लेकर धरना

कांग्रेस की ओर से 19 अगस्त को पंचकूला के सेक्टर-6 में हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के कर्मचारियों को नियमित करने की मांग को लेकर धरना दिया जाएगा।

उसी दिन शाम को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात करेगा। बैठक में एसआईआर यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषय उठाए जाएंगे। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में राज्य स्तरीय एसआईआर समिति की बैठक आयोजित की जाएगी।

फतेहाबाद और कैथल में भी बैठकें

कार्यक्रम के चौथे चरण के तहत 20 अगस्त को फतेहाबाद और 21 अगस्त को कैथल में जिला कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणियों तथा संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें होंगी।

कांग्रेस के अनुसार इन जिलास्तरीय संवाद कार्यक्रमों का उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना, जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना तथा आगामी राजनीतिक और जनहित के अभियानों की प्रभावी रूपरेखा तैयार करना है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!