: सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज को इतिहास में जो सम्मान और स्थान मिलना चाहिए था, पूर्ववर्ती सरकारों ने वह नहीं दिया : जरावता
: रविदासिया समाज के साथ विपक्ष ने हमेशा किया सौतेला व्यवहार, भाजपा ही हमारे समाज के हितों की सच्ची रक्षक और हितैषी
: 25 नवंबर को उमरी, कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ऐतिहासिक जनसभा, रिकॉर्ड भागीदारी की तैयारी
: रविदासिया समाज सहित सभी वर्गों में यात्रा को लेकर अभूतपूर्व उत्साह, आठ जिलों से गुजरेगी मुख्य यात्रा, शेष 15 जिलों से जुड़ेंगी उपयात्राएं
: सामाजिक समरसता केवल नारा नहीं, भाजपा की विचारधारा और हर वर्ग के कल्याण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता : जरावता

जींद, 21 नवंबर। भाजपा के प्रदेश महामंत्री, पटौदी के पूर्व विधायक एवं समरसता संकल्प यात्रा के हरियाणा संयोजक श्री सत्यप्रकाश जरावता ने कहा कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा ऐतिहासिक और अभूतपूर्व होगी। इस यात्रा को लेकर रविदासिया समाज ही नहीं, बल्कि सभी समाजों और वर्गों में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र के उमरी में माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में होने वाली विशाल जनसभा सामाजिक एकता और समरसता का ऐतिहासिक उदाहरण प्रस्तुत करेगी। इस जनसभा में रिकॉर्ड भागीदारी की तैयारी की जा रही है। हरियाणा की धरती पर ऐसा जनसमागम सामाजिक भाईचारे और एकजुटता का नया संदेश देगा।
श्री सत्यप्रकाश जरावता शनिवार को जींद के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री तेजेंद्र ढुल की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज केवल एक समाज के आराध्य नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के पथप्रदर्शक हैं। उन्होंने समाज को समानता, सम्मान, स्वाभिमान और भाईचारे का मार्ग दिखाया। उनके विचारों ने करोड़ों लोगों के जीवन को नई दिशा दी, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतने महान संत और समाज सुधारक को इतिहास में जो स्थान तथा राजकीय सम्मान मिलना चाहिए था, पूर्ववर्ती सरकारों ने उस दिशा में अपेक्षित प्रयास नहीं किए।
रविदासिया समाज के साथ पूर्ववर्ती सरकारों ने नहीं किया न्याय

श्री सत्यप्रकाश जरावता ने कहा कि रविदासिया समाज ने सदैव देश और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, लेकिन लंबे समय तक सत्ता में रहने वाले विपक्षी दलों ने इस समाज के साथ सौतेला व्यवहार किया। समाज को उचित सम्मान, भागीदारी और उसके महापुरुषों के विचारों को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई गई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की 600वीं और 625वीं जयंती के महत्वपूर्ण अवसर आए, तब तत्कालीन सरकारों ने इन ऐतिहासिक अवसरों को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक रूप से मनाने के लिए क्या प्रयास किए?
उन्होंने कहा कि रविदासिया समाज अब इस अंतर को भलीभांति समझता है कि कौन केवल चुनावों के समय समाज को याद करता है और कौन वास्तव में समाज के सम्मान, स्वाभिमान तथा कल्याण के लिए काम करता है। भारतीय जनता पार्टी ही रविदासिया समाज के हितों की सच्ची रक्षक और हितैषी है। प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने संत-महापुरुषों के विचारों और हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने को प्राथमिकता दी है।
श्री सत्यप्रकाश जरावता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य समाज के किसी एक वर्ग का नहीं, बल्कि सभी वर्गों का सम्मान और कल्याण सुनिश्चित करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प में सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की समतामूलक समाज की परिकल्पना स्पष्ट दिखाई देती है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी इसी भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान और समान अवसर उपलब्ध करवाने के लिए कार्य कर रही है।
25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में सामाजिक एकजुटता का दिखेगा अभूतपूर्व दृश्य
प्रदेश महामंत्री श्री सत्यप्रकाश जरावता ने बताया कि 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र के उमरी में माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर पूरे प्रदेश में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। रविदासिया समाज के साथ-साथ अन्य सभी समाजों के लोगों, संत-महात्माओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, युवाओं और मातृशक्ति में भारी उत्साह है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उमरी की जनसभा ऐतिहासिक होगी और जनभागीदारी के पुराने रिकॉर्ड तोड़ने की दिशा में नया उदाहरण स्थापित करेगी। यह आयोजन केवल एक जनसभा नहीं होगा, बल्कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के प्रति पूरे समाज की श्रद्धा, सम्मान और एकजुटता का विराट प्रदर्शन होगा। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्ग मिलकर इस कार्यक्रम को अभूतपूर्व सफलता दिलाएंगे।
हरियाणा के आठ जिलों में मुख्य यात्रा, शेष 15 जिलों से निकलेंगी उपयात्राएं
श्री सत्यप्रकाश जरावता ने यात्रा का विवरण देते हुए बताया कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष पर 18 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक देशव्यापी समरसता संकल्प यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से प्रारंभ हुई यह यात्रा लगभग 2,402 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित क्षेत्रों के लगभग 47 शहरों से गुजरेगी तथा वाराणसी स्थित सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में यह यात्रा 25, 26 और 28 नवंबर को तीन दिनों में आठ जिलों से होकर गुजरेगी। इनमें यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश के शेष 15 जिलों से उपयात्राएं निकाली जाएंगी, जो निर्धारित स्थानों पर मुख्य यात्रा में सम्मिलित होंगी। इस प्रकार हरियाणा का प्रत्येक क्षेत्र, प्रत्येक जिला और समाज का प्रत्येक वर्ग इस ऐतिहासिक अभियान से जुड़ेगा।
उन्होंने कहा कि 25 नवंबर को यात्रा यमुनानगर से हरियाणा में प्रवेश कर अंबाला होते हुए कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। उमरी में मुख्यमंत्री की विशाल जनसभा के बाद यात्रा का रात्रि विश्राम कुरुक्षेत्र में होगा। 26 नवंबर को यात्रा करनाल, पानीपत और सोनीपत से गुजरेगी। सोनीपत के बहालगढ़ में भी जनसभा आयोजित होगी। इसके बाद यात्रा उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगी।
28 नवंबर को यात्रा दिल्ली से दोबारा हरियाणा में प्रवेश करेगी। फरीदाबाद में एक बड़ी जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत यात्रा पलवल और होडल होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर प्रस्थान करेगी। यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत, संत-महात्माओं का अभिनंदन, सामाजिक संवाद, समरसता भोज तथा अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
संत-महापुरुष किसी एक समाज की जागीर नहीं, पूरी मानवता के आदर्श
श्री सत्यप्रकाश जरावता ने कहा कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की शिक्षाएं किसी एक जाति या समुदाय तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जिसमें ऊंच-नीच, भेदभाव और छुआछूत के लिए कोई स्थान न हो। उनके विचार आज भी समाज को जोड़ने और प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प यात्रा का उद्देश्य पूरे समाज को एक सूत्र में पिरोना है। यह यात्रा रविदासिया समाज के गौरव और स्वाभिमान के साथ-साथ सभी समाजों के बीच सद्भाव, आपसी विश्वास और भाईचारे को नई मजबूती प्रदान करेगी। भाजपा सामाजिक समरसता और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। यही पार्टी की विचारधारा का मूल आधार है।
श्री सत्यप्रकाश जरावता ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक या सामाजिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का एक व्यापक जनअभियान है। इसका संदेश पूरे देश में जाएगा कि संत-महापुरुष किसी एक समाज की जागीर नहीं होते, बल्कि उनकी शिक्षाएं सभी के लिए होती हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा प्रदेशवासियों से दलगत राजनीति और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया।
जनकल्याणकारी योजनाओं और पारदर्शी नौकरियों को लेकर भी रखी सरकार की बात
प्रेस वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना एवं आवासीय भूखंडों से संबंधित सवालों के जवाब में श्री सत्यप्रकाश जरावता ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय की घोषणाओं को भी पूरा करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि 50 गज के प्लॉट के लिए भी आवेदन मांगे गए हैं और जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे और गति दी जाएगी। किसी पात्र लाभार्थी को योजना का लाभ प्राप्त करने में परेशानी आती है तो वह संबंधित एसडीएम से मिलकर अपनी समस्या रख सकता है।
सरकारी नौकरियों से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सिफारिश और पर्ची के आधार पर नौकरी मिलने की व्यवस्था को समाप्त किया है। वर्तमान सरकार योग्यता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के आधार पर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री तेजेंद्र ढुल, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री अजय खुंडिया, जिला महामंत्री श्रीमती पुष्पा तायल, सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष श्री भरत भूषण टाक सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








