मिशन सुरक्षित गुरुग्राम के तहत एमसीजी की कार्रवाई, खुले में घूमते 19 पशु पकड़कर गौशालाओं एवं नंदीशालाओं में भेजे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निगमायुक्त डॉ. पंकज के निर्देशानुसार अभियान लगातार जारी, पशुओं को सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खुला छोड़ने वालों से की गई जिम्मेदारी निभाने की अपील

गुरुग्राम, 21 नवंबर। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और घुमंतू पशुओं से मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन सुरक्षित गुरुग्राम’ के तहत शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। इस दौरान खुले में घूमते हुए 19 पशुओं को पकड़ा गया और उन्हें सुरक्षित रूप से गौशालाओं एवं नंदीशालाओं में भेज दिया गया।

नगर निगम की टीमें लगातार विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं, ताकि सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में घूमने वाले पशुओं के कारण आम नागरिकों को होने वाली परेशानी और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

निगमायुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। खुले में घूमते पशु न केवल यातायात में बाधा उत्पन्न करते हैं, बल्कि नागरिकों और स्वयं पशुओं की सुरक्षा के लिए भी जोखिम पैदा करते हैं। इसलिए मिशन सुरक्षित गुरुग्राम के तहत नियमित रूप से कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें और उन्हें अपने परिसर में सुरक्षित रूप से रखें। पशुओं की देखभाल और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पशुपालकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं खुले में पशु घूमते दिखाई दें, तो इसकी सूचना नगर निगम को दें तथा अभियान में सहयोग करें। निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी करने और कार्रवाई को प्रभावी ढंग से जारी रखने के निर्देश दिए। नगर निगम गुरुग्राम का संकल्प है कि जनसहयोग और निरंतर प्रयासों से शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाया जाए तथा पशुओं का भी उचित संरक्षण सुनिश्चित हो।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें