केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण सचिव चंचल कुमार ने हरियाणा मंडप का दौरा किया, शूटिंग की अनुमति सरल बनाने और निर्माताओं को मिलने वाली सुविधाओं पर हुई चर्चा

चंडीगढ़, 21 नवंबर। गोवा में 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के तहत आयोजित वेव्स फिल्म बाजार के पहले दिन फिल्म जगत के प्रतिनिधियों ने हरियाणा में शूटिंग और फिल्म निर्माण की संभावनाओं में रुचि दिखाई। राज्य सरकार ने अपने मंडप में देश-विदेश के फिल्मकारों के लिए हरियाणा के शूटिंग स्थलों, सांस्कृतिक विरासत और फिल्म नीति की जानकारी प्रदर्शित की है।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने हरियाणा मंडप का दौरा कर राज्य की फिल्म नीति की जानकारी ली। उन्होंने हरियाणा के प्रतिनिधियों से चर्चा की कि प्रदेश में शूटिंग को कैसे बढ़ावा दिया जाए और इसकी अनुमति लेने की प्रक्रिया कैसे सरल बनाई जाए। उन्होंने फिल्म निर्माताओं को मिल रही सुविधाओं के बारे में भी पूछा और फिल्म उद्योग को प्रोत्साहन देने के राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।
मंडप में हरियाणा के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से अतिरिक्त निदेशक मनीष लोहान, संयुक्त निदेशक नीरज कुमार और सहायक जनसंपर्क अधिकारी विकास मोर उपस्थित रहे।









