जीएमडीए करेगा संस्कृति से जुड़ी कलाकृतियों से राजीव चौक का सौंदर्यकरण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजीव चौक के पिलर्स पर उकेरी जाएंगी भारतीय पौराणिक कथाओं की तस्वीरें, गुवाहाटी के कलाकारों को सौंपी जिम्मेदारी

गुरुग्राम, 21 नवंबर। शहर के प्रमुख चौराहों में शामिल राजीव चौक को आकर्षक बनाने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने सौंदर्यीकरण की पहल शुरू की है। इसके तहत चौराहे के पिलर्स पर भारतीय पौराणिक कथाओं और संस्कृति से जुड़ी कलाकृतियां बनाई जाएंगी। इस काम के लिए गुवाहाटी से कलाकारों की एक टीम को लगाया गया है।

जीएमडीए के प्रवक्ता के अनुसार, गुवाहाटी से बुलाए गए चित्रकार राजीव चौक के पिलर्स पर भारतीय पौराणिक कथाओं से जुड़े विभिन्न विषयों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित करेंगे। इस पहल का उद्देश्य शहर के प्रमुख चौराहे को कलात्मक स्वरूप देने के साथ-साथ उसकी सुंदरता बढ़ाना और शहरी बुनियादी ढांचे को सांस्कृतिक पहचान प्रदान करना है।

उन्होंने बताया कि जीएमडीए की ओर से राजीव चौक के आसपास पहले ही बड़े स्तर पर पौधारोपण कराया जा चुका है, ताकि क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के साथ आसपास के वातावरण को भी बेहतर बनाया जा सके। अब इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए चौराहे के पिलर्स पर कलाकृतियां तैयार कराई जा रही हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि यह पहल गुरुग्राम के प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और चौराहों के सौंदर्यीकरण की व्यापक योजना का हिस्सा है। राजीव चौक के सौंदर्यीकरण के बाद शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी इसी तरह के कलात्मक और सौंदर्य सुधार से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।

जीएमडीए का उद्देश्य शहर के बुनियादी ढांचे में कला, संस्कृति और हरियाली का समावेश करना है, ताकि प्रमुख सार्वजनिक स्थल अधिक आकर्षक बनें और शहरवासियों के साथ-साथ यहां से गुजरने वाले लोगों को भी बेहतर शहरी वातावरण मिल सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें