एचकेआरएन मुख्यालय के घेराव की तैयारी में जुटी कांग्रेस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

थानेसर में कार्यकर्ताओं की बैठक, अशोक अरोड़ा ने 19 अगस्त को पंचकूला पहुंचने का किया आह्वान

पक्की भर्तियां बंद कर युवाओं को असुरक्षित रोजगार की ओर धकेल रही सरकार : अरोड़ा

कुरुक्षेत्र, 16 अगस्त (प्रमोद कौशिक)। हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) की कार्यप्रणाली और प्रदेश सरकार की रोजगार नीतियों के विरोध में कांग्रेस 19 अगस्त को पंचकूला स्थित निगम के मुख्य कार्यालय का घेराव करेगी। प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर थानेसर के विधायक एवं पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने पंजाबी धर्मशाला में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक ली।

बैठक में राज्यस्तरीय प्रदर्शन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को थानेसर विधानसभा क्षेत्र से अधिकाधिक संख्या में युवाओं और आम नागरिकों को लेकर पंचकूला पहुंचने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

युवाओं का आर्थिक शोषण करने का आरोप

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अशोक अरोड़ा ने आरोप लगाया कि एचकेआरएन के माध्यम से प्रदेश के पढ़े-लिखे एवं योग्य युवाओं का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। सरकार नियमित भर्तियां करने के बजाय युवाओं को अस्थायी रोजगार की ओर धकेल रही है, जहां न तो नौकरी की सुरक्षा है और न ही उचित मानदेय मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा का युवा गंभीर बेरोजगारी का सामना कर रहा है। नौकरियां नहीं मिलने के कारण युवा मानसिक तनाव का शिकार हो रहे हैं अथवा ‘डंकी मार्ग’ जैसे खतरनाक तरीकों से विदेश जाने को मजबूर हैं। एचकेआरएन युवाओं की आंखों में धूल झोंकने का माध्यम बनकर रह गया है।

हजारों लोगों के पहुंचने का दावा

अरोड़ा ने कहा कि 19 अगस्त को होने वाले घेराव और धरना-प्रदर्शन में प्रदेशभर से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा, विद्यार्थी एवं आम नागरिक भाग लेंगे। प्रदर्शन का उद्देश्य युवाओं की आवाज को सरकार तक पहुंचाना है।

उन्होंने मांग की कि एचकेआरएन के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को पूरा मानदेय और नौकरी की सुरक्षा प्रदान की जाए। भविष्य में निगम को बंद कर पारदर्शी तरीके से नियमित भर्तियां की जाएं।

आरक्षण और पारदर्शिता पर उठाए सवाल

अशोक अरोड़ा ने आरोप लगाया कि एचकेआरएन के माध्यम से की जा रही भर्तियों में न तो पारदर्शिता बरती जा रही है और न ही नियमानुसार आरक्षण व्यवस्था का पालन किया जा रहा है। इस व्यवस्था ने युवाओं के भविष्य को अधर में लटका दिया है।

बैठक में जलेश शर्मा, विवेक मेहता, जिला महासचिव टेकचंद बारना, ब्लॉक अध्यक्ष सुनील राणा, युवा जिलाध्यक्ष कुलदीप हथीरा, पार्षद मनु जैन, सुरेंद्र सैनी भिवानीखेड़ा, फतेह सिंह खेड़ी, केहर सिंह, मेहर सिंह रामगढ़, पूर्व डीएसपी रामचंद्र राठी, रेखा वाल्मीकि, नवनीत नरवाल, सौरभ गर्ग, सुभाष पाली, सुभाष पलवल और प्रदीप सहारण सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!