आईटीआई में सत्र 2026-27 के लिए ऑन द स्पॉट प्रवेश 17 अगस्त से : एडीसी सोनू भट्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*सीमित सीटों पर तुरंत प्रवेश का अवसर, युवाओं से व्यावसायिक प्रशिक्षण का लाभ उठाने का आह्वान*

गुरुग्राम, 16 अगस्त। एडीसी सोनू भट्ट ने युवाओं से आह्वान किया है कि वे कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण के माध्यम से अपने भविष्य को मजबूत बनाएं। उन्होंने बताया कि हरियाणा के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है। सीमित सीटों पर विद्यार्थियों को तुरंत प्रवेश का अवसर देने के लिए 17 अगस्त, 2026 से संस्थान स्तर पर ऑन द स्पॉट प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

उन्होंने बताया कि आईटीआई में प्रवेश के लिए नया पंजीकरण 14 अगस्त से संस्थान स्तर पर शुरू हो चुका है। इच्छुक विद्यार्थी संबंधित आईटीआई में जाकर उपलब्ध ट्रेड एवं सीटों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और पात्रता के अनुसार प्रवेश ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि आईटीआई में प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाता है।

एडीसी ने बताया कि आईटीआई में इलेक्ट्रीशियन, वायरमैन, फिटर, प्लंबर, वेल्डर, रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग, मोटर वाहन मैकेनिक, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट सहित अनेक रोजगारपरक ट्रेड उपलब्ध हैं। इन ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को व्यावहारिक कौशल के साथ उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जाता है। उन्होंने कहा कि आईटीआई प्रशिक्षण सरकारी मान्यता प्राप्त गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य प्रमाण-पत्र प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त करता है।

उन्होंने बताया कि विभिन्न ट्रेडों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं, 10वीं या 12वीं कक्षा उत्तीर्ण निर्धारित है, जबकि ट्रेड के अनुसार पात्रता अलग-अलग हो सकती है। प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 14 वर्ष निर्धारित है। इच्छुक अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित संस्थान में पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

एडीसी सोनू भट्ट ने युवाओं से अपील की कि वे केवल पारंपरिक शैक्षणिक शिक्षा तक सीमित न रहें, बल्कि अपनी रुचि और रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल भी हासिल करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कुशल युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है और आईटीआई का प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का मजबूत आधार प्रदान करता है।

उन्होंने बताया कि प्रवेश से संबंधित अधिक जानकारी हरियाणा आईटीआई प्रवेश पोर्टल admissions.itiharyana.gov.in पर प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 0172-2996321 और 2997265 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने पात्र युवाओं से अपील की कि सीमित सीटों का लाभ उठाते हुए समय रहते आईटीआई में प्रवेश लेकर अपने कौशल और भविष्य को नई दिशा दें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!