नायब सरकार में गरीब परिवारों को सपनों का घर मिल रहा है : मोहन लाल बड़ौली

चंडीगढ़, 22 मार्च। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत रविवार को सोनीपत के पुरखास मंडल में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कार्यकर्ताओं को संगठन की असली ताकत बताया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त, अनुशासित और कुशल बनाना है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि यह अभियान कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, इतिहास और नीतियों के प्रति जागरूक करता है ताकि वे जन-जन तक सरकार के विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से पहुँचा सकें और संगठन को और अधिक मजबूत कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं में निपुणता, कार्य कुशलता और आत्मविश्वास बढ़ता है व जिम्मेदार राजनीतिक कार्यकर्ताओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
श्री बड़ौली ने कहा कि प्रशिक्षण वह सेतु है जो कार्यकर्ता और समाज के बीच मजबूत संबंध बनाता है। इससे कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को समझकर उनका समाधान करने में सक्षम होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रशिक्षण से कार्यकर्ता संगठन के साथ-साथ देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास के मंत्र पर पारदर्शी तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में तेज गति से विकास कार्य हो रहे हैं और राज्य लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा के विकास का बजट पेश किया है जो हरियाणावासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला बजट है। नायब सरकार हरियाणा को विकसित राज्य बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। भाजपा सरकार बिना भेदभाव के हर क्षेत्र में समान विकास करा रही है। नायब सैनी सरकार का लक्ष्य प्रदेश का सर्वांगीण विकास करना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नायब सरकार में गरीब परिवारों को उनके सपनों का घर मिल रहा है। गरीब महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत हर महीने 2100 रुपये मिल रहे हैं। श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य गरीब, किसान, महिलाएं और युवाओं को सशक्त बनाना है। श्री बड़ौली ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे मोदी और नायब सैनी सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं।








