सांसद सैलजा ने किया चौधरी भजनलाल की प्रतिमा का अनावरण, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का आरोप, नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की जीत का जताया भरोसा

पंचकूला, 22 मार्च।  कुमारी सैलजा ने आज पंचकूला के सेक्टर-15 स्थित बिश्नोई भवन में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने चौधरी भजनलाल को दूरदर्शी एवं कुशल राजनीतिज्ञ बताते हुए कहा कि हरियाणा के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय है।

उन्होंने कहा कि भजनलाल सामाजिक एकता, भाईचारे और सामाजिक न्याय के प्रबल समर्थक थे, यही कारण है कि आज भी सभी वर्गों के लोग उन्हें सम्मानपूर्वक याद करते हैं। सैलजा ने कहा कि इस प्रतिमा का अनावरण करना उनके लिए सौभाग्य की बात है और यह आने वाली पीढ़ियों को सामाजिक समरसता का संदेश देती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान बिश्नोई सभा द्वारा उनका सम्मान भी किया गया।

पत्रकारों से बातचीत में सैलजा ने पंचकूला नगर निगम की वार्डबंदी और भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी  लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से खिलवाड़ कर रही है, जो उसकी राजनीतिक कमजोरी को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंचकूला की जनता नगर निगम चुनाव में कांग्रेस को विजय दिलाएगी।

सांसद ने प्रदेश में गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी को सरकार की विफलता बताते हुए कहा कि आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो रही है, जिससे लोग परेशान हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति कर रही है, जबकि विकास के दावे खोखले साबित हो रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि देश में स्मार्ट सिटी की अवधारणा जमीन पर सफल नहीं हो पाई है और शहरों में स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं भी सुनिश्चित नहीं हैं। सैलजा ने पंचकूला में कचरे के ढेर और धीमी विकास गति पर चिंता जताते हुए कहा कि इन मुद्दों को वे कई बार लोकसभा में उठा चुकी हैं, लेकिन सरकार की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

इस मौके पर विधायक चंद्र मोहन बिश्नोई, अकरम खान, पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, रामकिशन गुर्जर, पूर्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज सहित बिश्नोई सभा के पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!