वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब का सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजनों व कविताओं से गूंजा माहौल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भजनों, कविताओं और जीवन अनुभवों ने बांधा समां, बुजुर्गों ने दिया सकारात्मक जीवन का संदेश

गुरुग्राम, 22 मार्च। वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब गुरुग्राम द्वारा न्यू कॉलोनी स्थित गीता भवन में शनिवार को एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्रधान एवं फोरबा के चेयरमैन धर्मसागर ने की, जबकि मंच संचालन डीएन कवातरा ने गायत्री मंत्र के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ कर किया।

कार्यक्रम में संस्था के प्रधान धर्मसागर ने सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए बुजुर्गों के सम्मान और उनके अनुभवों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “हमारे बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं, जिन्हें सम्मान देना हम सभी का कर्तव्य है।” उन्होंने आगामी 24 मार्च को क्लब की चेयरपर्सन श्रीमती किरण चोपड़ा से वजीरपुर स्थित पंजाब केसरी कार्यालय में मुलाकात कर अप्रैल माह में बैसाखी एवं वार्षिकोत्सव मनाने की रूपरेखा तय करने की जानकारी भी साझा की।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान नवरात्र के उपलक्ष्य में भजनों और कविताओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। जगदीश अरोड़ा, हरीश, हनुमान प्रसाद शर्मा, एलडी बवेजा, रमेश धवन और मदनलाल डूडेजा ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए, जिन पर उपस्थित लोगों ने खूब सराहना की।

मंच संचालक डीएन कवातरा ने शायरी और प्रेरणादायक विचारों से सभी को भावुक और प्रेरित किया। वहीं केंद्रीय श्रीसनातन धर्मसभा के प्रधान सुरेंद्र खुल्लर ने रामलीला के प्रसंगों का सजीव मंचन कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

रिटायर्ड आईजी सुभाष कुकरेजा ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि जीवन में अच्छे कर्म और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता ही सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने सभी को आत्ममंथन करने और सदैव सकारात्मक जीवन जीने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में सबसे पहले पहुंचने वाले 20 सदस्यों के बीच ड्रा निकाला गया, जिसमें दो विजेताओं को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. सुदर्शन दत्ता, तिलकराज ग्रोवर, धर्मपाल वर्मा, प्रवीण डूडेजा, रमेश वशिष्ठ, केसरदास ग्रोवर, मनोहर वर्मा, सुशील, चंदरकुमार चौधरी, ओमप्रकाश भाटिया, सुभाष चंद्र, आरके खुराना, आरके सिंघल, श्याम सुंदर खुराना, हरीश सरदाना, एचके खेड़ा सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!