भाजपा की “वसूली सरकार” ने हरियाणा के आम जनमानस पर फिर डाला बोझ : रणदीप सुरजेवाला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कहा : 1 अप्रैल से कलेक्टर रेट बढ़ाकर नायब सैनी सरकार ने “भाजपाई वसूली” की नई किस्त कर दी सेट

बोले : हरियाणा के लोग पहले से ही बेरोजगारी, महंगाई, बिजली-पानी के बिल और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से परेशान, अब घर खरीदना भी आमजनमानस की पहुँच से दूर

कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला का भाजपा सरकार पर तीखा हमला

चण्डीगढ़ , 22 मार्च 2026 – भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा की नायब सिंह सैनी सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि 1 अप्रैल 2026 से कलेक्टर रेट बढ़ाकर सरकार ने “भाजपाई वसूली” की नई किस्त सेट कर दी है।

रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार पिछले 9 महीने में ही प्रॉपर्टी खरीद-फरोख्त, रजिस्ट्री और स्टांप ड्यूटी से ₹13,099 करोड़ की उगाही कर चुकी है। अब 1 अप्रैल से कलेक्टर रेट में 5% या उससे ज्यादा बढ़ोतरी के साथ ₹10,000 करोड़ की और वसूली की तैयारी है। यानी प्लॉट, फ्लैट या छोटा सा मकान बनाने का सपना देखने वाले हर हरियाणवी से कुल ₹23,000 करोड़ की लूट की जा रही है। शायद इसी वजह से विधायक खरीदने का रेट भी करोड़ों में पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि यह पिछले नौ महीने में दूसरी बार है जब भाजपा सरकार ने कलेक्टर रेट बढ़ाकर आम जनमानस को झटका दिया है। इससे पहले 1 अगस्त 2025 को भी यही खेल खेला गया था। 3 साल में सरकार ने प्रॉपर्टी रजिस्ट्री और स्टांप ड्यूटी से कुल ₹33,562.35 करोड़ कमाए हैं, फिर भी रेट क्यों बढ़ा दिए? पहले से ही महंगाई की आग में जल रहे हरियाणा के लोगों पर ‘कलेक्टर रेट की वसूली’ का घी डालकर भाजपा किस बात का बदला ले रही है?

सुरजेवाला ने कहा कि क्या भाजपा को लगता है कि हरियाणा के लोग सिर्फ टैक्स और वसूली के लिए हैं? घर बनाने का सपना देखने वाला हर युवा, हर मध्यम वर्गीय परिवार अब और महंगे प्लॉट-फ्लैट खरीदने को मजबूर हो जाएगा। गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत जैसे एनसीआर जिलों में तो खलबली मच गई है।

उन्होंने कहा कि क्या भाजपा को याद नहीं कि हरियाणा के लोग पहले से ही बेरोजगारी, महंगाई, बिजली-पानी के बिल और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से परेशान हैं? अब घर खरीदना भी आमजनमानस की पहुँच से दूर हो गया है। यह वसूली नहीं, लूट है। भाजपा की सरकार ने हरियाणा को ‘वसूली मॉडल’ का प्रयोगशाला बना दिया है।

रणदीप सुरजेवाला ने मांग की कि भाजपा सरकार तुरंत यह बढ़ोतरी वापस ले और लोगों को राहत दे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!