पिहोवा में 50 लाख की लागत से बना परशुराम चौक उद्घाटित, विकास कार्यों के लिए 11 लाख की अनुदान राशि की घोषणा
पिहोवा, 20 मार्च (प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी): हरियाणा के पर्यटन एवं सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि पिहोवा में निर्मित भगवान श्री परशुराम चौक देश की भावी पीढ़ी को उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि यह भव्य चौक न केवल युवाओं में आत्मबल का संचार करेगा, बल्कि तीर्थ नगरी पिहोवा के सौंदर्यीकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
शुक्रवार को पिहोवा में नगरपालिका द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मंत्री डॉ. शर्मा ने भगवान श्री परशुराम चौक का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपए की अनुदान राशि देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने मां सरस्वती मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंत्री ने कहा कि पिहोवा एक प्राचीन तीर्थ नगरी है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु हर वर्ष आते हैं। ऐसे में यह भव्य चौक यहां आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा और वे इसकी छाप अपने क्षेत्रों तक लेकर जाएंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है और मोरनी हिल्स तथा कुरुक्षेत्र सहित अन्य स्थानों को विकसित किया जा रहा है।
डॉ. शर्मा ने आगे कहा कि पिहोवा में सरस्वती नदी के प्रवाह को तेज करने, पिहोवा ड्रेन को सरस्वती ड्रेन घोषित करने तथा मुख्य मार्ग को फोरलेन करने के कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे।
भाजपा के वरिष्ठ नेता डीडी शर्मा ने बताया कि इस मुख्य चौक के जीर्णोद्धार पर करीब 50 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। वहीं नगरपालिका चेयरमैन आशीष चक्रपाणि ने बताया कि चौक पर स्थापित भव्य शंख का निर्माण प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार के पुत्र अनिल सुतार द्वारा किया गया है, जो इस चौक की सुंदरता को और बढ़ाता है।
उन्होंने कहा कि चौक और आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया गया है, जिसमें डिवाइडरों पर गमले और सजावटी पौधे लगाए गए हैं। इन विकास कार्यों से पिहोवा में आने वाले पर्यटकों को एक विकसित और आकर्षक तीर्थ नगरी का अनुभव होगा।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।








