कांग्रेस और इनेलो ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर किया : मोहन लाल बड़ौली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देश में तेल एवं गैस की कोई कमी नहीं, विपक्ष सुर्खियां बटोरने के लिए फैला रहा है भ्रम : मोहन लाल बड़ौली

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने सोनीपत में प्रेसवार्ता कर हरियाणा बजट, राज्यसभा चुनाव, वैश्विक परिस्थितियों व विकास परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की

चंडीगढ़, 20 मार्च। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने सोनीपत में शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं है। इस दौरान उन्होंने हरियाणा बजट, राज्यसभा चुनाव, ईरान-अमेरिका इजराइल युद्ध के कारण उत्पन्न वैश्विक संकट व विकास परियोजनाओं पर चर्चा की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठाए। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार कटारिया, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री सहित अन्य भाजपा नेता उपस्थित रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रस्तुत किया गया बजट प्रदेश को “विकसित हरियाणा” के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर करने वाला दूरदर्शी एवं जनकल्याणकारी बजट है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट में आधारभूत संरचना, औद्योगिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी गई है। यह बजट न केवल वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखता है, बल्कि भविष्य की संभावनाओं को भी मजबूत आधार प्रदान करता है।

श्री बड़ौली ने विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष ने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करने के बजाय बार-बार वॉकआउट कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने का प्रयास किया। सदन के भीतर अपनी बात रखने के बजाय विपक्ष ने मीडिया के माध्यम से भ्रम फैलाने और सुर्खियां बटोरने का काम किया। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की स्वस्थ परंपराओं के अनुरूप नहीं है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने हाल ही में संपन्न हुए राज्यसभा चुनाव को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बताया। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी संजय भाटिया के निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई दी। एक सवाल पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान विभिन्न दलों के विधायकों ने अपने विवेक और अंतरात्मा के अनुसार मतदान किया। उन्होंने इनेलो पर भी निशाना साधा। श्री बड़ौली ने कहा कि इनेलो ने राज्यसभा चुनाव का बहिष्कार करके लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने का प्रयास किया। राज्य सभा चुनाव में कुछ मतों के निरस्तीकरण के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि यह मामला न्यायालय में जाता है तो न्यायालय के निर्णय का पूर्ण सम्मान किया जाएगा।

मोहन लाल बड़ौली ने एक अन्य सवाल पर कहा कि वैश्विक संकट पर सरकार सतर्क है जनता को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच चल रहे वैश्विक तनाव के चलते इसका प्रभाव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल एवं गैस की कीमतों पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की मजबूत विदेश नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश इस संकट से प्रभावित नहीं होगा।

श्री बड़ौली ने विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को निराधार बताते हुए जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। देश में तेल एवं गैस की कोई कमी नहीं है और सरकार स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए हुए है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट आने वाले समय में विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। हरियाणा में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं, जिनसे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

करनाल-कुरुक्षेत्र के बीच बनेगा नया एयरपोर्ट : बड़ौली

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि बजट में सोनीपत एवं आसपास के क्षेत्रों के लिए कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है, जिनमें तीसरी रेलवे लाइन एवं हाई-स्पीड ट्रेन सेवा, सोनीपत तक मेट्रो विस्तार, आरआरटीएस परियोजना का विस्तार करनाल तक, करनाल-कुरुक्षेत्र के बीच नए एयरपोर्ट की स्थापना।

उन्होंने कहा कि ये सभी परियोजनाएं हरियाणा को औद्योगिक, आर्थिक एवं पर्यटन दृष्टि से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होंगी। श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खरखौदा स्थित मारुति प्लांट के दौरे की संभावित योजना है। उन्होंने कहा कि जब-जब प्रधानमंत्री हरियाणा आए हैं, प्रदेश को विकास की नई सौगातें मिली हैं, जिससे राज्य के विकास को नई गति मिली है।

हरियाणा विकास के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनेगा

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से हरियाणा आने वाले समय में विकास के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनेगा और यहां के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को मां दुर्गा के पावन नवरात्रों एवं नवसंवत्सर की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। साथ ही, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!