भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली मुरथल स्थित समर्थगुरु धाम में आयोजित आध्यात्मिक महोत्सव में शामिल हुए
भारतीय संस्कृति आपसी भाईचारा और सभी के सुख का संदेश देती हैं : मोहन लाल बड़ौली

चंडीगढ़, 13 मार्च। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली शुक्रवार को मुरथल स्थित समर्थगुरु धाम में आयोजित आध्यात्मिक महोत्सव में शामिल हुए। यहां उन्होंने समर्थगुरु सिद्धार्थ औलिया के सान्निध्य में ध्यान और साधना में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव साधकों को आत्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और ध्यान की गहराई से जोड़ता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि मुरथल स्थित समर्थगुरु धाम में समर्थगुरु सिद्धार्थ औलिया जी के सान्निध्य में साधक ध्यान, साधना और आत्मिक उन्नति का दिव्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि परमात्मा की प्राप्ति का मार्ग प्रकृति प्रेम से होकर जाता है। वसंत ऋतु हमें यही संदेश देती है कि हम प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन को आनंदमय और आध्यात्मिक बनाएं।

श्री बड़ौली ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में सनातन संस्कृति, धार्मिक सद्भाव और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में लोगों की विभिन्न पंथ और संप्रदायों में आस्था है। इस तरह के आयोजनों से लोगों के बीच मेल-जोल बढ़ता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सर्वे भवंतु सुखिनः की भावना से प्रेरित होकर सबका भला और सबका साथ को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति सभी के सुख, कल्याण और भाईचारा पर जोर देती है। हमारी परंपरा में सत्य तक पहुंचने के सभी मार्गों का आदर किया जाता है। उन्होंने कहा कि मुरथल में हो रहा यह महोत्सव मानवता के कल्याण की दिशा में अत्यंत सराहनीय प्रयास है।








