संजय दत्त के मार्गदर्शन में राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में करनाल, पानीपत और सोनीपत में बैठकें
एक नवंबर की ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पदाधिकारियों से समन्वय पर जोर

चंडीगढ़, 30 अक्टूबर। दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को प्रस्तावित ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली की तैयारियों को लेकर हरियाणा कांग्रेस ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त के मार्गदर्शन और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को करनाल, पानीपत और सोनीपत में बैठकें आयोजित की गईं। इनमें तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रदेश से अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
संजय दत्त ने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा कांग्रेस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और निर्वाचन व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता का विश्वास कायम रखने के लिए इनका जवाब मिलना जरूरी है। उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर महारैली की तैयारियों में जुटने तथा गांव-गांव और गली-गली तक पार्टी का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
दत्त ने जिला एवं खंड स्तर के पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि व्यापक जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को अभियान से जोड़ा जाए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास बने रहना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि एक नवंबर की महारैली लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए चल रहे संघर्ष को नई ताकत देगी। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क तेज करने तथा हरियाणा से बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
बैठकों में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को महारैली तक सीमित रखने के बजाय प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान के रूप में आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। गांवों, कस्बों और शहरों में लोगों को मताधिकार की सुरक्षा तथा निष्पक्ष चुनाव के महत्व के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
करनाल की बैठक में जिला अध्यक्ष पराग गाबा और राजेश वैद, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, पूर्व विधायक रणधीर गोलन और राकेश कंबोज तथा दिव्यांशु बुद्धिराजा उपस्थित रहे।
पानीपत की बैठक में नीतू वर्मा सोइन, जिला अध्यक्ष बलजीत सिंह, रमेश मलिक, पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादियान, पूर्व विधायक बलबीर वाल्मीकि, दिव्यांशु बुद्धिराजा और सचिन कुंडू शामिल हुए।
सोनीपत की बैठक में नीतू वर्मा सोइन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धर्मपाल मलिक, जिला अध्यक्ष कमल दीवान और संजीव दहिया तथा पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार और सुखबीर फरमाना उपस्थित रहे। तीनों बैठकों में संबंधित जिलों के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व जनप्रतिनिधियों, जिला एवं खंड पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।
प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और के.सी. वेणुगोपाल के नेतृत्व में चलाए जा रहे राष्ट्रीय अभियान के तहत महारैली आयोजित की जा रही है। पार्टी ने बताया कि इसका उद्देश्य कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को उठाना, निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग करना तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की आवाज बुलंद करना है।








