संपत्ति कर में कचरा शुल्क के बावजूद अतिरिक्त वसूली का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जागरूक नागरिक मंच ने नियमित कचरा उठान की मांग की, कार्रवाई न होने पर जनांदोलन की चेतावनी

गुरुग्राम, 31 अक्टूबर। जागरूक नागरिक मंच ने आरोप लगाया है कि संपत्ति कर में कचरा उठाने का शुल्क जोड़े जाने के बावजूद ठेकेदार घरों से अतिरिक्त पैसे वसूल रहे हैं। मंच के प्रतिनिधि श्रवण कुमार गुप्ता और वजीर सिंह ने नगर निगम प्रशासन से इस वसूली पर तत्काल रोक लगाने तथा नियमित कचरा उठान सुनिश्चित करने की मांग की है। कार्रवाई न होने पर मंच ने जनांदोलन की चेतावनी दी है।

मंच के प्रतिनिधियों के अनुसार, पालम विहार के सी-2 खंड और लक्ष्मण विहार में निवासियों से बातचीत तथा सर्वेक्षण के दौरान अतिरिक्त वसूली की शिकायतें सामने आईं। उनका आरोप है कि पैसे देने से इनकार करने वाले घरों से कचरा नहीं उठाया जा रहा है। इसके चलते कई घरों में पिछले दस से पंद्रह दिनों से कचरा जमा है और दुर्गंध के कारण लोगों को परेशानी हो रही है।

सी-2 निवासी कल्याण संघ के प्रधान संदीप लांबा और पालम विहार के अन्य संघ पदाधिकारियों के मुताबिक, नगर निगम अधिकारियों को पत्र लिखकर शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

मंच ने बताया कि इस संबंध में वार्ड चार के भाजपा पार्षद प्रदीप से भी बातचीत की गई, लेकिन समाधान नहीं निकल सका। मंच के प्रतिनिधियों ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों की अनदेखी और संभावित मिलीभगत की जांच की मांग की।

श्रवण कुमार गुप्ता और वजीर सिंह ने कहा कि नगर निगम शिकायतों की जांच कर अतिरिक्त वसूली रोकने के लिए तत्काल कदम उठाए और प्रभावित क्षेत्रों में नियमित सफाई व्यवस्था बहाल करे। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या बनी रहने पर शहरवासियों को एकजुट कर व्यापक जनांदोलन किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें