सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा-राव नरबीर सिंह
पॉलिथीन के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक, कपड़े और जूट के थैलों का इस्तेमाल करने की अपील

गुरुग्राम, 31 अक्टूबर- राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को गुरुग्राम के नेहरू स्टेडियम से भव्य ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।
राव नरबीर सिंह ने कहा कि भारत के युवाओं में अपार क्षमता और प्रतिभा है। उन्हें सही कौशल और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें, तो वे न केवल अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि देश के आर्थिक और सामाजिक विकास में भी अहम योगदान दे सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस संकल्प को साकार करने में युवा शक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। इसके लिए युवाओं को अपनी योग्यता, मेहनत और रचनात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की सोच एक मजबूत और एकजुट भारत की थी। वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए हम सभी को मिलकर योगदान देना होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं तथा देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
राव नरबीर सिंह ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देते हुए कहा कि एक पॉलिथीन बैग को प्राकृतिक रूप से नष्ट होने में लगभग 450 साल लग जाते हैं। पॉलिथीन के कारण नालियां और सीवर भी अवरुद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व नजदीक है, ऐसे में सभी नागरिक त्योहार को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त तरीके से मनाएं। खरीदारी के दौरान पॉलिथीन की जगह कपड़े और जूट के थैलों का इस्तेमाल करें। साथ ही, पटाखों से होने वाले वायु एवं ध्वनि प्रदूषण को कम करने के लिए पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाएं। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के प्रति स्वयं जागरूक रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की।
एसडीएम संजीव सिंगला, एसीपी सुरेश कुमार, अनिल, नवीन, अर्जुन, डीएसओ आरती कोहली, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, एईओ जगदीश अहलावत सहित हरियाणा पुलिस, खेल एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी व कर्मचारी तथा सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स भी उपस्थित रहें।








