वर्ल्ड कप जीत के जश्न के दौरान राष्ट्रीय ध्वज ओढ़कर जमीन पर लेटने का आरोप – तिरंगा देश के राष्ट्रीय सम्मान का प्रतीक –
दिल्ली, 13 मार्च 2026 – पेरिस इंटरनेशनल ओलम्पिक से शतरंज एशिया महाद्वीप के महासचिव ब्रह्मचारी कुलदीप शतरंज ने बताया कि क्रिकेटर हार्दिक पंड्या के खिलाफ तिरंगे के अपमान को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय, खेल मंत्रालय भारत सरकार, भारतीय ओलम्पिक संघ, हरियाणा सरकार से शिकायत की गई है। टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत के बाद अहमदाबाद में जश्न के दौरान हार्दिक पंड्या पर तिरंगे का सम्मान न करने का आरोप लगाया गया है।
वायरल वीडियो के आधार पर शिकायत –
टीम इंडिया की जीत के बाद मैदान पर जश्न मनाते हुए कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। एक वीडियो में पंड्या अपने कंधे पर तिरंगा ओढ़कर मैदान पर नाचते और दौड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।
आरोप है कि जश्न के दौरान पंड्या अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मंच पर लेटे दिखे। उस समय भी उनके कंधे पर तिरंगा था। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के खिलाफ है।
राष्ट्रीय ध्वज कानून का हवाला –
हरियाणा शतरंज एसोसिएशन एचसीए के प्रदेश महासचिव ब्रहमचारी कुलदीप शतरंज ने बताया कि द प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टु नेशनल ऑनर एक्ट, 1971 के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की गरिमा बनाए रखना अनिवार्य है। उनका आरोप है कि जश्न के दौरान हार्दिक पंड्या इस बात का ध्यान नहीं रख पाए, जिसे राष्ट्रीय ध्वज का अपमान माना जा सकता है। इस मामले में उन्होंने इसी कानून की धारा 2 के तहत शिकायत दर्ज कराई है।
यह कानून राष्ट्रीय ध्वज, संविधान और राष्ट्रगान जैसे राष्ट्रीय प्रतीकों के अपमान को रोकने के लिए बनाया गया है। इसके तहत तिरंगे को जमीन पर गिरने देना, उसे अनुचित तरीके से पहनना या किसी भी तरह उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाना दंडनीय माना जाता है।
ब्रहमचारी कुलदीप शतरंज ने बताया कि तिरंगा पूरे देश का राष्ट्रीय प्रतीक है, इसलिए इसकी शिकायत देश में कहीं भी दर्ज कराई जा सकती है।
भारतीय ओलम्पिक संघ आईओए से मान्यता प्राप्त महाभारत के भीष्म पितामह शक्तिमान मुकेश खन्ना के नेतृत्व वाली वित्त मंत्रालय भारत सरकार से एकमात्र आयकर छुट प्राप्त हरियाणा शतरंज एसोसिएशन एचसीए ने यह शिकायत की है।
भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर जीता खिताब –
भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता। यह भारत का तीसरा टी-20 वर्ल्ड कप खिताब है।
भारत इससे पहले 2007 और 2024 में भी यह ट्रॉफी जीत चुका है। साथ ही, यह पहली बार है जब किसी टीम ने अपने ही देश में टी-20 वर्ल्ड कप जीता और लगातार दो बार खिताब अपने नाम किया।








