
गुरुग्राम, 13 मार्च 2026 । सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के जन्म दिवस के शुभ अवसर पर संत निरंकारी मंडल द्वारा आज गुरुग्राम के सेक्टर 31 स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन पर स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया।
संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वाधान में संत निरंकारी हेल्थ सिटी के सौजन्य से आज दिल्ली-एनसीआर के लगभग 21 स्थानों पर स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। गुरुग्राम में प्रातः 7 से 11 बजे तक चले स्वास्थ्य जांच शिविर का 400 से अधिक लोगों ने लाभ उठाया।

स्थानीय सेवादार संजय चुघ ने बताया कि आज प्रात: सेवादल प्रार्थना के उपरांत जांच करवाने वालों के आते ही सभी के आदर एवं प्रेमपूर्वक पंजीकरण एवं नम्रता से जांच के सैंपल आदि लेने का कार्य प्रारंभ किया गया। 143 महिला एवं 146 पुरुषों सहित कुल 289 लोगों ने कंप्लीट बॉडी चैकअप के लिए रक्त के नमूने दिए। इसमें 88 वरिष्ठ नागरिक भी शामिल रहे।
ब्लड शुगर, रक्तचाप (बीपी) आदि की निःशुल्क जांच का 111 से अधिक व्यक्तियों ने लाभ उठाया। अन्य भी आवश्यकता अनुसार स्वास्थ्य जांच करवाते रहे।

इन स्वास्थ्य शिविरों का लाभ सभी स्थानीय निवासियों एवं नागरिकों तथा समाज के विभिन्न समुदायों को प्राप्त हुआ। चिकित्सा क्षेत्र के अनुभवी डॉक्टरों, प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों तथा समर्पित स्वयंसेवकों की सेवाओं के माध्यम से नागरिकों को सहज, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई। यह महत्वपूर्ण पहल न केवल स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देगी, बल्कि समाज में सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनशीलता की भावना को भी सुदृढ़ बनाएगी।
सतगुरु माता जी का सदैव यही प्रयास रहा है कि ऐसे पावन अवसरों को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए उन्हें मानवता की सेवा और लोक कल्याण के कार्यों से जोड़ा जाए। मिशन के मूल सिद्धांतों के अनुरूप स्वास्थ्य, शिक्षा और आध्यात्मिकता के माध्यम से समाज को सशक्त और उन्नत बनाने की यह पावन पहल निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।
निश्चित रूप से, यह सेवामयी प्रयास समाज में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ परस्पर सहयोग, सेवा भाव और आध्यात्मिक जागृति की भावना को भी प्रोत्साहित करेगा। सतगुरु माता जी के आशीर्वाद से यह मानव सेवा की प्रेरणादायी यात्रा निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगी। संचालक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में निरंकारी सेवादल ने सभी के लिए उचित प्रबंध व्यवस्था की। जांच के बाद सभी ने नाश्ता प्रसाद भी ग्रहण किया।








