देश में बढ़ते ऊर्जा संकट पर सरकार तुरंत करे ठोस तैयारी: कुमारी सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

-हरियाणा में एलपीजी संकट चिंताजनक, आम लोगों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं

-यदि समय रहते सरकार ने ठोस तैयारी नहीं की तो इसका सीधा असर करोड़ों लोगों के जीवन और देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा

चंडीगढ़, 13 मार्च। सिरसा की सांसद, पूर्व कैबिनेट मंत्री और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा ने देश में उभरते ऊर्जा संकट और हरियाणा में एलपीजी की कमी को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के कई जिलों में एलपीजी सिलेंडरों की कमी के कारण लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है और कई स्थानों पर धक्का-मुक्की तक की नौबत आ रही है। यह स्थिति सामान्य नहीं है और सरकार को तुरंत इस पर ध्यान देना चाहिए।

कुमारी सैलजा ने कहा कि संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी ऊर्जा सुरक्षा के मुद्दे पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि दुनिया में तेजी से बदलती परिस्थितियों के बीच भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाना बेहद आवश्यक है, ताकि आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यह केवल एलपीजी का मुद्दा नहीं है, बल्कि पेट्रोल, डीजल और अन्य ऊर्जा संसाधनों से जुड़ा बड़ा सवाल है। यदि समय रहते सरकार ने ठोस तैयारी नहीं की तो इसका सीधा असर करोड़ों लोगों के जीवन और देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।

कुमारी सैलजा ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह ऊर्जा सुरक्षा को लेकर स्पष्ट रणनीति बनाए, एलपीजी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करे और राज्यों में पैदा हो रही समस्या को तुरंत दूर करे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मर्यादा यह भी है कि संसद में हर जनप्रतिनिधि को देश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिले। ऊर्जा संकट जैसे गंभीर विषय पर खुली और गंभीर चर्चा देशहित में आवश्यक है। कुमारी सैलजा ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार इस मुद्दे की गंभीरता को समझेगी और देश के लोगों को राहत देने के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!