मिडिल ईस्ट संकट के बीच आपूर्ति प्रभावित होने की अफवाहों पर सरकार सतर्क, कालाबाजारी व जमाखोरी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्रीनायब सिंह सैनी ने कहा है कि राज्य में घरेलू एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और निर्बाध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिडिल ईस्ट में चल रही युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण गैस की आपूर्ति बाधित होने की जो अफवाहें फैलाई जा रही हैं, उनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।
मुख्यमंत्री ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रदेश में ईंधन व गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में तेल कंपनियों ने सरकार को आश्वस्त किया कि हरियाणा में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा गैस की आपूर्ति निरंतर प्राप्त हो रही है।
उन्होंने बताया कि कामर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति में अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और अन्य आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्था की गई है। साथ ही तेल कंपनियां शेष आपूर्ति को सुचारु रखने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की चोरी, कालाबाजारी या जमाखोरी की शिकायत मिलने पर तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अनावश्यक घबराहट या भंडारण से बचें और अफवाहों पर विश्वास न करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है और हर घर तक घरेलू गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।









