घोषणाओं की नई सौगात या फिर वही पुरानी कहानी?

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कांकरौला रैली को लेकर सरकार सक्रिय, मगर गुरुग्राम की जमीनी समस्याओं और अधूरी घोषणाओं से जनता में सवाल

गुरुग्राम, 11 मार्च। बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव कांकरौला में 22 मार्च को प्रस्तावित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की रैली को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलनों का दौर शुरू करते हुए दावा किया है कि यह रैली बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी और क्षेत्र को कई नई योजनाओं की सौगात मिल सकती है।

फर्रूखनगर और बादशाहपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलनों को संबोधित करते हुए राव नरबीर सिंह ने कहा कि दक्षिण हरियाणा ने प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे में सरकार क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए नियमों के अनुरूप आने वाले सभी विकास कार्यों को पूरा करवाएगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को 22 मार्च को कांकरौला पहुंचने के लिए प्रेरित करें, ताकि रैली में बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। मंत्री ने मुख्यमंत्री के व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि वे आमजन की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।

जमीनी हालात पर उठ रहे सवाल

हालांकि गुरुग्राम के हालात को लेकर स्थानीय स्तर पर अलग ही चर्चा सुनाई दे रही है। शहर में सफाई व्यवस्था, जलभराव, टूटी सड़कें, अव्यवस्थित ट्रैफिक और अनियोजित शहरी विस्तार जैसी समस्याएं लंबे समय से लोगों को परेशान कर रही हैं।

ऐसे में कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब शहर पहले से ही बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है तो नई घोषणाओं से पहले पुरानी घोषणाओं और योजनाओं को पूरा करना अधिक जरूरी है।

अधूरी घोषणाओं की याद दिला रही जनता

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री के पहले के दौरों के दौरान भी गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों के लिए कई घोषणाएं की गई थीं, लेकिन उनमें से कई योजनाएं अभी तक पूरी तरह धरातल पर नहीं उतर पाई हैं।

इसी कारण अब जब फिर से मुख्यमंत्री की रैली और नई योजनाओं की घोषणा की बात हो रही है, तो आम जनता के बीच यह चर्चा भी है कि क्या इस बार घोषणाएं वास्तव में पूरी होंगी या फिर यह भी राजनीतिक कार्यक्रम बनकर रह जाएगा।

कुछ लोगों का कहना है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों से मिलने में कठिनाई होती है, जबकि रैलियों और राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए बड़ी संख्या में लोगों को जुटाने की अपील की जाती है। ऐसे में जनता के बीच यह भावना भी उभर रही है कि केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि ठोस और समयबद्ध कार्यों से ही विश्वास कायम हो सकता है।

राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि कांकरौला की रैली राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जरूर होगी, लेकिन तेजी से बढ़ते गुरुग्राम में जनता अब केवल भाषणों और घोषणाओं से आगे बढ़कर जमीनी बदलाव देखना चाहती है।

आज इन स्थानों पर होंगे कार्यकर्ता सम्मेलन

कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह आज गुरुग्राम में दो कार्यकर्ता सम्मेलनों को संबोधित करेंगे—

  • सुबह 10:00 बजे — सेक्टर-22बी कम्यूनिटी सेंटर
  • सुबह 11:00 बजे — भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय ‘गुरुकमल’

इन बैठकों में 22 मार्च को कांकरौला में होने वाली मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की रैली को सफल बनाने के लिए रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!