35 पेंशनरों को ‘पेंशनर्स रत्न अवार्ड-2026’ से किया गया सम्मानित

गुरुग्राम, 13 जून। हरियाणा बिजली पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन, गुरुग्राम की मासिक बैठक शुक्रवार को महरौली रोड स्थित बिजली निगम के रेस्ट हाउस में पूर्व मुख्य अभियंता आजाद अली की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन यूनिट सचिव बनवारी लाल शर्मा ने किया।
बैठक की शुरुआत एसोसिएशन के दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद भक्ति संगीत एवं योगाभ्यास के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ाया गया। बैठक में पेंशनरों के स्वास्थ्य, दैनिक दिनचर्या, खान-पान, पेंशनर सेवा केंद्रों की कार्यप्रणाली तथा संगठन की गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को पूर्व मुख्य अभियंता दर्शन लाल हंसू, पूर्व अधीक्षण अभियंता दलजीत सिंह, सुभाष देशवाल, डॉ. अश्वनी कालरा, मनोहर लाल यादव, पी.सी. जैन, यूनिट प्रधान राजन शर्मा और यूनिट सचिव बनवारी लाल शर्मा सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले बिजली पेंशनरों की वर्षों पुरानी मांगों की ओर सरकार पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है, जिससे पेंशनरों में असंतोष बढ़ रहा है।

एसोसिएशन के महासचिव बनवारी लाल शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार पिछले तीन वर्षों से कैशलेस मेडिकल सुविधा लागू करने की बात कर रही है, लेकिन अब तक इसे धरातल पर नहीं उतारा गया है। बढ़ती आयु में यह सुविधा पेंशनरों के लिए अत्यंत आवश्यक है।
यूनिट प्रधान राजन शर्मा ने पेंशनरों की शिकायतों को गंभीरता से उठाते हुए आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निगम के चिकित्सा अधिकारियों से शीघ्र मुलाकात की जाएगी। उन्होंने सरकार और निगम प्रशासन से पेंशनरों की लंबित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की अपील की।

बैठक में प्रमुख मांगों में कैशलेस मेडिकल सुविधा का तत्काल क्रियान्वयन, पारिवारिक पेंशनधारकों को एलटीसी सुविधा प्रदान करना, 65, 70, 75 और 80 वर्ष की आयु पर क्रमशः 5-5 प्रतिशत पेंशन वृद्धि, निगम कर्मियों की तरह 80 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा, विभिन्न न्यायालयों के निर्णयों का शीघ्र क्रियान्वयन, पेंशनर पहचान पुस्तिका जारी करना तथा सरकार द्वारा अन्य पेंशनरों को दी जा रही सुविधाओं को बिजली पेंशनरों पर भी लागू करना शामिल रहा।
इसके अलावा कम्यूटेशन पेंशन की कटौती 15 वर्ष पूर्ण होने पर स्वतः बंद किए जाने की मांग भी उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि रिकॉर्ड उपलब्ध न होने के कारण कई पेंशनरों की कम्यूटेशन राशि 15 वर्ष बाद भी कटती रहती है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
बैठक का एक विशेष आकर्षण 35 पेंशनरों का सम्मान समारोह रहा। जन्मदिन के अवसर पर उन्हें पदक, पटका, स्मृति चिह्न और ‘पेंशनर्स रत्न अवार्ड-2026’ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बैठक में बड़ी संख्या में बिजली पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनधारकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का समापन अध्यक्ष आजाद अली के अध्यक्षीय संबोधन तथा सामूहिक जलपान के साथ हुआ।









