दवाइयों से नहीं, जीवनशैली से बनता है बेहतर स्वास्थ्य: डॉ. सुनील आर्य

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नवकल्प फाउंडेशन के सेहत संवाद में स्वस्थ दिनचर्या अपनाने का संदेश, पक्षियों के लिए लगाए 10 नए नेस्ट

गुरुग्राम, 13 जून। बेहतर स्वास्थ्य केवल दवाइयों के सहारे नहीं, बल्कि संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, पर्याप्त नींद, योग, व्यायाम और सकारात्मक सोच से प्राप्त किया जा सकता है। यह विचार नवकल्प फाउंडेशन के महासचिव एवं प्रख्यात आयुर्वेदाचार्य डॉ. सुनील आर्य ने सेक्टर-70 स्थित ट्यूलिप आइवरी सोसायटी में आयोजित ‘सेहत संवाद’ कार्यक्रम में व्यक्त किए।

आरडब्ल्यूए के सहयोग से आयोजित इस विशेष स्वास्थ्य जागरूकता सत्र में डॉ. आर्य ने स्वस्थ जीवनशैली के विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि आज अधिकांश लोग स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान केवल दवाइयों में खोजते हैं, जबकि जीवनशैली में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव अनेक बीमारियों से बचाव और बेहतर स्वास्थ्य का आधार बन सकते हैं।

उन्होंने कहा कि पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण नींद शारीरिक तथा मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। यदि किसी व्यक्ति को नींद आने में कठिनाई होती है तो उसे सुबह जल्दी उठने, नियमित सैर करने, योग एवं व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी जानी चाहिए।

डॉ. आर्य ने पाचन शक्ति को अच्छे स्वास्थ्य की आधारशिला बताते हुए कहा कि भोजन तभी करना चाहिए जब वास्तविक भूख लगी हो। साथ ही समय पर भोजन करना और उसे अच्छी तरह चबा-चबाकर खाना पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने तनाव को अनेक बीमारियों की जड़ बताते हुए योगिक क्रियाओं और प्राणायाम को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि मजबूत रोग प्रतिरोधक क्षमता ही दीर्घकालिक आरोग्य का आधार है और इसके लिए संतुलित आहार, पर्याप्त नींद तथा नियमित शारीरिक गतिविधियां अनिवार्य हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित निवासियों ने स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. आर्य ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। प्रतिभागियों ने इस संवाद को ज्ञानवर्धक, उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।

इस अवसर पर नवकल्प फाउंडेशन के संस्थापक अनिल आर्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रदीप वधावन, समाजसेवी दिनेश नागपाल, गजेंद्र चौधरी, उमेश जैन, सुनील जैन, आतम चौधरी, सुशील अग्रवाल, राम अवतार मित्तल, वीरेंद्र कुमार सेतिया, वंदना मेहता, कुसुम चौधरी, गीता नैयर, सुनीता डूडेजा तथा विम्मी वधावन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

दाना-पानी नेस्ट अभियान को भी मिला समर्थन

स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के साथ-साथ नवकल्प फाउंडेशन के लोकप्रिय ‘दाना-पानी नेस्ट अभियान’ के अंतर्गत सोसायटी परिसर में पक्षियों के लिए 10 नए नेस्ट भी स्थापित किए गए। उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह पूर्व भी यहां नेस्ट लगाए गए थे, लेकिन आरडब्ल्यूए और निवासियों के विशेष आग्रह पर अतिरिक्त नेस्ट लगाए गए।

इस दौरान सभी उपस्थित लोगों ने पक्षियों के लिए नियमित रूप से दाना और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। फाउंडेशन का यह अभियान शहरी क्षेत्रों में पक्षियों के संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा प्रकृति के प्रति सामाजिक संवेदनशीलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!