मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं समावेशी बनाने के लिए गुरुग्राम में चलाया जाएगा व्यापक अभियान
ईसीआईनेट ऐप, फोटो अपडेट और बीएलओ फीडबैक सहित प्रत्येक मतदाता के लिए निर्धारित किए गए चार सरल कदम
गुरुग्राम, 13 जून। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा के मार्गदर्शन में जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि 15 जून से 14 जुलाई, 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे। इस दौरान मतदाता सूची में दर्ज विवरण का सत्यापन किया जाएगा तथा नए पात्र मतदाताओं, स्थानांतरित मतदाताओं एवं संशोधन से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी।
डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी मतदाताओं से अपील है कि वे बीएलओ के साथ सहयोग करें और अपने निर्वाचन संबंधी विवरण का सत्यापन अवश्य करवाएं।
प्रत्येक मतदाता के लिए चार सरल कदम
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत मतदाताओं के लिए चार महत्वपूर्ण कदम निर्धारित किए गए हैं
मतदाता सेवाओं तक आसान पहुंच के लिए नागरिक ईसीआईनेट ऐप डाउनलोड करें। इसके माध्यम से ई-ईपीआईसी, मतदाता सूची में नाम की जांच, मतदान केंद्र की जानकारी तथा अन्य निर्वाचन सेवाओं का लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
बीएलओ के साथ कॉल बुक, नवीनतम फोटो अपडेट तथा अनुभव कर सकते हैं सांझा
मतदाता ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से बीएलओ से संपर्क कर मार्गदर्शन, सहायता एवं समस्याओं के समाधान के लिए कॉल बुक कर सकते हैं। मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाने के लिए सभी मतदाता अपना नवीनतम फोटो उपलब्ध कराएं ताकि रिकॉर्ड अद्यतन रह सके। घर-घर संपर्क अभियान के दौरान मतदाता बीएलओ की सेवाओं के संबंध में अपना अनुभव साझा कर सकते हैं, जिससे निर्वाचन सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।









