30 वर्षों से अवैध हथियार बनाने में संलिप्त आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद

गुरुग्राम, 13 जून। गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-31 ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मध्य प्रदेश के धार जिले में संचालित एक अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए हथियार बनाने वाले मुख्य आरोपी, हथियार सप्लायर और खरीददारों तक पहुंच बनाने वाले दलाल को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क की कमर तोड़ दी है।

पुलिस के अनुसार, 29 मई 2026 को अपराध शाखा सेक्टर-31 की टीम ने सेक्टर-15 स्थित 32 माइलस्टोन सर्विस रोड के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। आरोपी की पहचान योगेश उर्फ हर्ष निवासी इटावा (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी गढ़ाईपुर, गुरुग्राम के रूप में हुई। उसके कब्जे से तीन अवैध देशी पिस्टल बरामद की गई थीं। इस संबंध में थाना सिविल लाइन, गुरुग्राम में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस ने हथियार सप्लाई करने वाले जसबीर निवासी मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) तथा हथियार निर्माता जगत सिंह निवासी सिंघाना, जिला धार (मध्य प्रदेश) को 9 जून 2026 को धार से गिरफ्तार किया। अदालत में पेशी के बाद जसबीर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि जगत सिंह को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
रिमांड के दौरान जगत सिंह ने कई अहम खुलासे किए। उसने स्वीकार किया कि बरामद हथियार उसी ने तैयार किए थे और उन्हें जसबीर को लगभग 60 हजार रुपये में बेचा था। आरोपी ने बताया कि वह पिछले लगभग 30 वर्षों से अवैध हथियार निर्माण के कारोबार में सक्रिय है और विभिन्न राज्यों में हथियारों की आपूर्ति करता रहा है।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी अवैध हथियार फैक्ट्री के बारे में जानकारी दी, जो धार जिले के सिंघाना गांव की पहाड़ियों में बने एक कमरे से संचालित की जा रही थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने फैक्ट्री पर छापा मारकर अवैध हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, मशीनरी, पुर्जे और अन्य सामग्री बरामद की।
जगत सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अवैध पिस्टल और कट्टे तैयार कर 15 हजार से 20 हजार रुपये प्रति हथियार के हिसाब से बेचता था। पुलिस ने उसके कब्जे और निशानदेही पर तीन अवैध पिस्टल, एक मैगजीन तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त विभिन्न उपकरण और पुर्जे बरामद किए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी जगत सिंह के खिलाफ राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और दिल्ली में अवैध हथियार रखने, बनाने और सप्लाई करने से संबंधित 13 से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वर्तमान मामले को मिलाकर उसके विरुद्ध कुल 14 आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं।
गुरुग्राम पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से कई राज्यों में फैले अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और हथियारों की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।








