ग्रामीणों को कचरा पृथक्करण और निस्तारण के प्रति किया गया जागरूक

गुरुग्राम, 13 जून। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला परिषद गुरुग्राम के दिशा-निर्देशन में जिले की सभी 158 ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सफाई कर्मचारियों ने गांवों की गलियों, सार्वजनिक स्थलों तथा सामुदायिक परिसरों में सफाई कार्य किया। साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में जनभागीदारी का महत्व बताया गया।

जिला परिषद द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को भी सभी ग्राम पंचायतों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान ग्रामीणों को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल-2026 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें घरों से निकलने वाले विभिन्न प्रकार के कचरे के पृथक्करण और वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया समझाई गई, ताकि कचरा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जा सके और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले।
अभियान के दौरान सफाई कर्मचारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को घरों से निकलने वाले गीले, सूखे, घरेलू खतरनाक तथा स्वच्छता संबंधी कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जनसहभागिता से जुड़ा एक सतत अभियान है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे कचरा पृथक्करण की आदत अपनाकर गांवों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने में अपना योगदान दें।








