स्कूल के सामने खुले शराब के ठेके के खिलाफ समाजसेवियों का प्रदर्शन, हटाने की मांग तेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नशा मुक्त हरियाणा के नारे पर उठे सवाल, प्रशासन को चेतावनी—ठेका नहीं हटाया तो होगा जन आंदोलन

गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम में गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल बॉयज सिविल लाइन के सामने शराब का ठेका खुलने को लेकर सोमवार को समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि स्कूल के ठीक सामने शराब का ठेका खुलना बच्चों के भविष्य और सामाजिक माहौल दोनों के लिए गलत है, इसलिए इसे तुरंत हटाया जाना चाहिए।

समाजसेवी एवं इंजीनियर गुरिंदरजीत सिंह (अर्जुन नगर) ने कहा कि एक ओर हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी “नशा मुक्त हरियाणा” की बात करते हैं, जबकि दूसरी ओर स्कूलों के सामने शराब के ठेके खुल रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पहले स्कूल के प्रिंसिपल को ज्ञापन दिया गया था। प्रिंसिपल ने बताया कि वे इस संबंध में उच्च अधिकारियों को शिकायत भेज चुके हैं।

गुरिंदरजीत सिंह ने बताया कि वे एसीपी वेस्ट से भी मिले थे, जहां उन्हें बताया गया कि यह मामला पुलिस के अधिकार क्षेत्र में नहीं बल्कि टैक्सेशन एंड एक्साइज विभाग के अंतर्गत आता है। इसके बाद उन्होंने 2 मार्च और 6 मार्च 2026 को उपायुक्त (डीसी) को ज्ञापन सौंपा। डीसी ने मामले की जांच के लिए संबंधित विभाग को निर्देश भी दिए, लेकिन इसके बावजूद ठेका अब तक वहीं संचालित हो रहा है।

शिवसेना के राज्य संगठन मंत्री एवं गुरुग्राम जिला प्रभारी संजय ठकराल ने कहा कि एक ओर स्कूल में बच्चों के हाथों में कलम दी जाती है और दूसरी ओर उसी स्कूल के सामने लोग शराब की बोतल लेकर खड़े रहते हैं। ऐसे में बच्चों को क्या संदेश जाएगा? उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द ठेका नहीं हटाया तो शिवसेना कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।

स्वयं शासन पार्टी के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष और वीर गुर्जर महासभा (देवनारायण) के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश पटेल उर्फ डीके पटेल ने भी ठेके का विरोध करते हुए कहा कि यह मुद्दा राजनीतिक नहीं बल्कि सामाजिक है। उन्होंने बताया कि वे भी डीसी से मिलकर ज्ञापन दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल के सामने शराब का ठेका किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा और यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समाजसेवियों और आम जनता के साथ मिलकर जन आंदोलन किया जाएगा।

स्थानीय लोगों और महिलाओं ने भी ठेके को हटाने की मांग की। उनका कहना है कि यह ठेका ऑटो स्टैंड के पास होने के कारण वहां अक्सर लोग खुले में शराब पीते दिखाई देते हैं, जिससे महिलाओं और छात्राओं को आने-जाने में परेशानी होती है। लोगों ने महिला सुरक्षा के मद्देनजर ठेका तुरंत बंद करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान ठेके के बाहर हरियाणा सरकार की एक गाड़ी खड़ी देखी गई। मीडिया को देखते ही चालक वहां से गाड़ी लेकर निकल गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे अधिकारियों से बात करना चाहते थे, लेकिन चालक वाहन लेकर चला गया।

अब स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर है कि सरकार और प्रशासन इस मामले में कब कार्रवाई करते हुए स्कूल के सामने से शराब का ठेका हटाते हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें