नीट यूजी पुनर्परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सभी तैयारियां समय रहते पूरी करें : डीसी उत्तम सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

21 जून को आयोजित होगी परीक्षा, सुरक्षा, यातायात और मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

गुरुग्राम, 13 जून। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीसी उत्तम सिंह ने शनिवार को लघु सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने तथा बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक से पूर्व हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी तथा राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधा, गोपनीयता बनाए रखने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम, आपातकालीन सेवाओं तथा विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों को सक्रिय रखते हुए सभी तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

डीसी ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस विभाग को परीक्षा केंद्रों और उनके आसपास विशेष निगरानी रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने कहा कि परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या अनुचित गतिविधि पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने की जानकारी दी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी विभाग समन्वित रूप से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

परीक्षा केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

नीट परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव अथवा अन्य किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अतिरिक्त ज्योमेट्री बॉक्स, राइटिंग पैड, स्केल, इरेजर, हैंडबैग, वॉलेट, बेल्ट, टोपी तथा धातु के आभूषणों सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के साथ भी प्रवेश वर्जित रहेगा। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने की अपील की है।

बैठक में एडीसी सोनू भट्ट, जिला शिक्षा अधिकारी इंदु बोकन सहित पुलिस विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!