हरियाणा विधान सभा और उच्चतर शिक्षा विभाग के युवा सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

21 मार्च को मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में होगा भव्य आयोजन

हरियाणा विधान सभा अधिकारियों ने उच्चतर शिक्षा विभाग और सोनीपत जिला प्रशासन के साथ की व्यापक समीक्षा बैठक

चंडीगढ़/सोनीपत, 10 मार्च। हरियाणा विधान सभा की पहल पर युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, जनप्रतिनिधित्व और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से 21 मार्च को मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले युवा सम्मेलन की तैयारियां पूरे जोरों पर हैं। इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने के लिए मंगलवार को हरियाणा विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों ने सोनीपत जिला प्रशासन तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।

हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इस युवा सम्मेलन में सोनीपत जिले के विभिन्न विश्वविद्यालयों तथा लगभग 20 महाविद्यालयों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी भाग लेंगे। सम्मेलन में राज्यसभा के उप-सभापति श्री हरिवंश मुख्यातिथि होंगे। वे युवाओं को अपने विचारों से प्रेरित करेंगे। इस दौरान इस मौके पर राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी (कैबिनेट सचिव रैंक) भी उपस्थित रहेंगे। यह  सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न विकसित भारत 2047 और ‘एक राष्ट्र-एक विधायिका’ का सपना पूरा करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

मंगलवार को उच्चतर शिक्षा विभाग के महानिदेशक श्रीनिवासन नारायणन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सम्मेलन की तैयारियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में यह सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया कि सम्मेलन में आने वाले युवाओं को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

बैठक के बाद आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सम्मेलन में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया, अतिथियों के स्वागत एवं ठहराव की व्यवस्था, सभागार की तकनीकी तैयारियां, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, अग्निशमन सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाएं, परिवहन प्रबंधन तथा जलपान व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष के सलाहकार रामनारायण यादव ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और समन्वित ढंग से सुनिश्चित की जाएं ताकि सम्मेलन में भाग लेने वाले विद्यार्थियों और अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. श्रीप्रकाश, उप-मंडल अधिकारी (एसडीएम) सुभाष चंद, उच्चतर शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. अजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!