हांसी की घटना ने हरियाणा की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए : कुमारी सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 13 जून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने हांसी में दिनदहाड़े एक जिम संचालक की हत्या की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि यह केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था का चिंताजनक संकेत है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अपराधी खुलेआम वारदातों को अंजाम देकर बिना किसी भय के फरार हो जाते हैं, उससे आम जनता में असुरक्षा की भावना लगातार बढ़ रही है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा में पिछले कुछ समय से हत्या, लूट, रंगदारी, फिरौती, गैंगस्टर गतिविधियों तथा महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की घटनाओं में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से सामने आ रही आपराधिक घटनाएं यह दर्शाती हैं कि अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त होता जा रहा है। ऐसी स्थिति किसी भी लोकतांत्रिक और सभ्य समाज के लिए चिंता का विषय है।

सांसद ने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़े भी प्रदेश में अपराध की गंभीर स्थिति की ओर संकेत करते हैं। कानून व्यवस्था केवल पुलिस बल बढ़ाने या जगह-जगह नाके लगाने से नहीं सुधरती, बल्कि इसके लिए ऐसा वातावरण बनाना आवश्यक होता है जिसमें अपराधी कानून से डरें और आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करे। दुर्भाग्य से वर्तमान सरकार इस दिशा में अपेक्षित परिणाम देने में विफल रही है। कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए सरकार की ठोस रणनीति क्या है। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है और इस जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता।

सांसद ने सरकार से मांग की कि हांसी की घटना की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द कानून के कठघरे में लाया जाए तथा प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा को अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना नहीं, बल्कि कानून के राज और नागरिक सुरक्षा के लिए जाना जाना चाहिए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!