गुरुग्राम के कई स्कूलों को बम की धमकी वाली ई-मेल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पुलिस की सघन चेकिंग, अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला

गुरुग्राम, 10 मार्च। गुरुग्राम के कुछ निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाली ई-मेल मिलने के बाद मंगलवार को पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस की विभिन्न टीमों ने संबंधित स्कूलों में पहुंचकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अब तक की जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है।

पुलिस के अनुसार ई-मेल प्राप्त होने के बाद तत्काल संबंधित थाना पुलिस, डॉग स्क्वॉड, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और अन्य विशेष पुलिस टीमों को स्कूलों में भेजा गया। टीमों ने स्कूल परिसरों, कक्षाओं, भवनों और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की।

विदेशी सर्वर से भेजी गई थी फर्जी ई-मेल

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूलों को भेजी गई धमकी भरी ई-मेल विदेशी सर्वर के माध्यम से भेजी गई थी और यह एक फर्जी (Hoax) ई-मेल प्रतीत हो रही है। इसके बावजूद पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हुई है।

साइबर विशेषज्ञों की मदद से जांच

गुरुग्राम पुलिस के अनुसार ई-मेल की सत्यता, उसके स्रोत और भेजने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

पुलिस की अपील

गुरुग्राम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस आपकी सेवा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क है।

क्या है “Hoax ई-मेल”
  • फर्जी या झूठी सूचना देने वाली ई-मेल को Hoax ई-मेल कहा जाता है
  • अक्सर घबराहट या अफवाह फैलाने के उद्देश्य से भेजी जाती है
  • ऐसे मामलों में साइबर क्राइम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई हो सकती है

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें